रावणटीला स्थित आवास पर स्व-गणना का ऑनलाइन फॉर्म भरता परिवार
- फोटो : संवाद
जनगणना 2027 के तहत शुरू हुई स्वगणना प्रक्रिया के शुरुआती चरण में लोगों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं का विवरण दर्ज करने की सुविधा मिलने के बावजूद कई उपयोगकर्ताओं ने सिस्टम के बार-बार हैंग होने और डाटा सेव न होने की शिकायत की है। सबसे अधिक समस्या लोकेशन टैगिंग को लेकर आ रही है।
रावणटीला निवासी योगेश अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल, अंजू अग्रवाल, राजकुमारी, वंदना, रिया और कृष्णा सहित कई लोगों ने बताया कि फॉर्म भरते समय पोर्टल अचानक रिस्पॉन्स देना बंद कर देता है, जिससे पूरी प्रक्रिया दोबारा करनी पड़ रही है। इससे लोगों में असंतोष और परेशानी देखी जा रही है।
जिला जनगणना अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि यह स्वगणना का केवल दूसरा दिन है और शुरुआती चरण में सबसे अधिक समस्या लोकेशन टैगिंग को लेकर सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर मैप के माध्यम से सटीक लोकेशन टैग करना अनिवार्य है, लेकिन कई लोग पहली बार इस तकनीक का उपयोग कर रहे हैं, जिससे उन्हें कठिनाई हो रही है। इसके अलावा धीमी इंटरनेट स्पीड भी एक प्रमुख कारण हो सकती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह शुरुआती तकनीकी चरण है और जल्द ही पोर्टल की कार्यक्षमता में सुधार किया जाएगा। अधिकारियों ने नागरिकों से धैर्य रखने और सही तरीके से विवरण दर्ज करने की अपील की है। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया है कि यदि कोई व्यक्ति स्वगणना पूरी नहीं कर पाता, तो विभागीय प्रगणक घर-घर जाकर सत्यापन और गणना का कार्य करेंगे। स्वगणना की प्रक्रिया 21 मई तक जारी रहेगी। प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में लोग तकनीकी प्रक्रियाओं के साथ अधिक सहज होकर आसानी से अपना पंजीकरण पूरा कर सकेंगे।