जिले के गंगीरी विकास खंड का पिछड़े विकास खंड में शामिल करते हुए चयन हुआ है। इस ब्लॉक का चयन आकांक्षात्मक विकास खंड में किया है। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने कहा कि इस योजना में प्रदेश के 100 विकास खंडों का चयन किया गया है। उन्हीं में गंगीरी को शामिल किया गया है।
डीएम ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आकांक्षात्मक विकास खंड योजना की समीक्षा की। कहा कि अब आकांक्षात्मक विकास खंडों में सामाजिक, आर्थिक सुधार के लिए विशिष्ट प्रयास किए जाएं। स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, कृषि और जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास और आधारभूत संरचना के मानकों पर समग्र विकास के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास इंडिकेटर में बीसी सखी, ग्राम सचिवालय, अमृत सरोवर जैसे दूरगामी परिणाम दायक प्रयासों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने सीडीओ से कहा कि आकांक्षात्मक विकास खंड में तैनात बीडीओ को किसी अन्य ब्लॉक का अतिरिक्त प्रभार न दिया जाए, जिससे वह अपनी पूर्ण क्षमता से कार्य कर सकें। एसडीएम अतरौली को विकास खंड गंगीरी का नोडल अधिकारी नामित किया गया है।