डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की 11 अगस्त की बैठक को लेकर जिला पुलिस प्रशासन ने पुलिस महानिदेशालय व सुरक्षा निदेशालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। हाल ही में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की पुलिस ने यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ पर हमले का इनपुट उत्तर प्रदेश पुलिस को दिया है। जिसके बाद अलीगढ़ में आ रहे सीएम योगी और केंद्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ अन्य वीवीआईपी की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनी है।
चौथी बार आ रहे हैं मुख्यमंत्री
1-5 जून 2017 को विश्व पर्यावरण दिवस पर कूड़ा पृथक्करण योजना का शुभारंभ सीएम योगी ने नुमाइश मैदान से किया था।
2-19 नवंबर 2017 को नुमाइश मैदान के कोहिनूर मंच पर सीएम योगी ने मेयर प्रत्याशी राजीव अग्रवाल के समर्थन में सभा की।
3-7 मार्च 2018 को राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह की पौत्री के विवाह संस्कार में शामिल होने आए थे सीएम योगी।
4-11 अगस्त 2018 को डिफेंस इंडस्ट्रियल कोरिडोर की बैठक में शामिल होने के लिए आ रहे हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
वीवीआईपी
1-केंद्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री डा. सुभाष रामराव भामरे।
2-इजरायल और फ्रांस सहित तीन देशों के राजदूत और उनकी टीम।
3-जल, थल और वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी, सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी।
4-देश की नवरत्न कंपनियों के प्रमुुख अधिकारी, वैज्ञानिक और वरिष्ठ इंजीनियर।
इंतजाम
1-पांच कंपनी पीएसी, पांच कंपनी आरएएफ, आधा दर्जन एडिशनल एसपी, दर्जन भर सीओ, 100 इंस्पेक्टर एसओ और एसएसआई, 300 सिपाही तैनात किए जाएंगे सुरक्षा व्यवस्था में। यह फोर्स पीएचक्यू और आगरा जोन से मांगा गया।
2-एटीएस और एलआईयू को शहर और आसपास विशेष चौकसी में लगाया गया है। टप्पल इंटरचेंज से आयोजन स्थल और जीटी रोड गभाना टोल से आयोजन स्थल, आगरा रोड मडराक टोल से आयोजन स्थल तक धनीपुर हवाई पट्टी से बाईपास तक चप्पे चप्पे पर नजर रहेगी।
3-सात पार्किंग स्थल बनाए हैं। वीआईपी वाहनों को रॉयल रेजीडेंसी होटल के आसपास के गैरेज और दूसरे स्थलों पर पार्क कराया जाएगा। आयोजन स्थल से 100 मीटर पहले वाहनों का प्रवेश बंद करा दिया जाएगा।
4-धनीपुर हवाई पट्टी से वीआईपी के आने जाने के लिए एक कंटीजेंसी रूट बनाया गया है। इस रूट से पनैठी होते हुए वाहन मथुरा बाईपास, सारसौल, नादापुल के रोड से आयोजन स्थल तक पहुंचेंगे।
5-आयोजन स्थल रॉयल रेजीडेंसी होटल के पास हैलीपेड बनाने के साथ ही नुमाइश मैदान पर भी हैलीपैड बनाया जा रहा है। जिससे वैकल्पिक इंतजाम पहले से ही पूरा किया जा सके।
-सीएम योगी की सुरक्षा को लेकर आतंकी इनपुट आने के बाद पुलिस महानिदेशालय के हर मानक को ध्यान में रख कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। खुफिया एजेंसियों को पूरी तरह से अलर्ट पर रखा गया है। हर सूचना का बरीकी से परीक्षण करने के बाद सुरक्षा व्यवस्था तय की जा रही है। हालांकि स्थानीय स्तर पर इस तरह का कोई इनपुट नहीं दिया है।
अजय कुमार साहनी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक।