आगामी 11 अगस्त को होने वाली डिफेंस कॉरिडोर की बैठक की तैयारियों में अतिक्रमण और गंदगी बाधक बनती दिखाई दी। इस कारण वीवीआईपी रूट को सजाने में जुटे नगर निगम ने फल मंडी पर अतिक्रमण करने वालों को फटकार लगाई तो साथ ही मीट फैक्ट्री संचालक को भी चेतावनी जारी की। नगर आयुक्त ने कहा है कि मुख्यमंत्री के आगमन वाले निर्धारित रूट पर अव्यवस्थाएं करने वालों से नगर निगम सख्ती से निपटेगा।
नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने अधीनस्थों व एनएचआई के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने सबसे पहले सूत मिल चौराहे से कार्यक्रम स्थल रॉयल रेजीडेंसी। फ ल मंडी से आगरा बाईपास से धनीपुर मंडी, एटा चुंगी बाईपास का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल रायल रेजीडेंसी से बाईपास तक रोड के दोनों साइड से अतिक्रमण हटाने, ज्यादा से ज्यादा ग्रीन बेल्ट बनाने और प्राइवेट भवन की दीवारों पर स्वच्छता आधारित पेंटिंग, विद्युत पोलों की रंगाई के निर्देश मुख्य अभियंता कैलाश सिंह को दिए।
नगर आयुक्त ने रॉयल रेजीडेेंसी के बाहर निर्माण सामग्री बेचने वाले को फटकार लगाते हुए तत्काल सामग्री हटाने व नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिव कुमार को सभी निर्माण सामग्री विक्रेताओं को नोटिस देने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में अधिशासी अभियंता रमाकांत राम, जोनल सफाई अधिकारी इंद्रजीत सिंह, स्वच्छता निरीक्षक अहमद हसन, अहसान रब, एनएचआई के प्रोजेक्ट मैनेजर आदि साथ थे
कार्यक्रम स्थल के पास बिक रहे थे सड़े फल
फल मंडी पर फल बेचने वालों के गंदगी करने व बासी सड़े-गले फलों को सड़क पर डालने पर नगर आयुक्त ने जमकर फटकार लगाते हुए फल मंडी के अध्यक्ष को मंडी के अंदर व बाहर सफाई करने और गंदगी नहीं करने की हिदायत दी। नगर आयुक्त ने मौके पर रॉयल रेजीडेंसी से बाईपास तक रोड के दोनों साइडों पर तत्काल कूड़ेदान लगवाने के निर्देश दिए।
मीट फैक्ट्री खुले में फेंक रही पशु के अवशेष
बाईपास से धनीपुर हवाई पट्टी के निरीक्षण के समय बाईपास फ्लाई ओवर के नीचे गांव तलासपुर खुर्द थाना देहलीगेट अंतर्गत मीट फैक्ट्री एचएमए द्वारा स्लाटरिंग के बाद खुले में पशुओं के अवशेष, गंदा पानी व मलबा डाला हुआ मिला। जिस पर नगर आयुक्त ने मौके पर ही फैक्ट्री के मैनेजर अख्तर सईद को चेतावनी देते हुये तत्काल गंदा पानी ड्रेन आउट करने, मिट्टी का भराव कर व्यवस्था सही करने के निर्देश दिए।
बन्ना देवी थाने से पहले खराब सड़क
कुछ समय पहले तहसील कोल से लेकर थाना बन्ना देवी के आगे तक नाले का निर्माण हुआ है। यहां पर नाला तो बन गया, लेकिन वैकल्पिक बनाया गया नाला यूं ही भर दिया गया है। इसके साथ ही नगर निगम वर्कशाप की ओर जाने वाली सड़क की पुलिया भी ऊबड़-खाबड़ है। यहां बना हुआ एक बायो टायलेट भी शोपीस बना हुआ है। ऐेसे में सीएम के आगमन के वक्त वाहनों का डायवर्जन इधर होने से यहां पर समस्या पैदा होगी।