अहमदपुरा के निकट स्थित शराब फैक्टरी में सोमवार की सर्प दंश से सिक्योरिटी गार्ड रामवीर सिंह (54) की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिवार के लोगों ने फैक्टरी के गेट पर शव रखकर हंगामा किया। परिवार के एक सदस्य को फैक्टरी में नौकरी और नियमानुसार आर्थिक सहायता मांग की। आश्वासन मिलने पर शांत हुए परिजन शव लेकर अपने घर चले गए।
गांव अहमदपुरा के निकट शराब फैक्टरी में जिला बुलंदशहर के थाना रामघाट के गांव चिरौली जरगवां निवासी रामवीर सिंह पुत्र प्यारेलाल सिक्योरिटी गार्ड थे। सोमवार की रात ड्यूटी के दौरान उन्हें सर्प ने डस लिया। उन्होंने अपने साथियों को इसकी जानकारी दी। इस पर तत्काल उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने उनके शव का पोस्टमार्टम कराया। मंगलवार की सुबह परिजन अपने गांव जाते समय फैक्टरी के सामने रुक गए। फैक्टरी के गेट पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर अतरौली कोतवाली पुलिस पहुंच गई।
सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि लोगों की मांग थी कि परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी और फैक्टरी के नियमानुसार जो भी आर्थिक सहायता बने वह दी जाए। फैक्टरी के अधिकारी उनकी मांग पर सहमत थे, जिस पर उन्हें समझाकर घर भेज दिया गया।