गृहक्लेश से क्षुब्ध गांव पींजरी निवासी देवराज कुमार (30) सोमवार की रात गांव के बाहर वाले पोखर में कूद गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम बुलाई। करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद उसका शव पोखर से बाहर निकाला जा सका।
परिवार के अनुसार देवराज कुमार पुत्र ऋषि कुमार चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और मजदूरी करता था। सोमवार की शाम घर किसी बात से क्षुब्ध निकला और गांव के बाहर वाले पोखर की ओर चला गया। रात नौ बजे के बाद अचानक से वह पोखर में कूद गया। कुछ दूरी पर मौजूद गांव के लोगों ने उसे पोखर में कूदते देख लिया और परिवार को खबर दी।
कुछ समय पहले हुई बारिश के कारण पोखर में पानी अधिक है, जिससे देवराज डूब गया। ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पहुंच गए। पोखर में युवक नजर न आने पर उन्होंने इगलास से फायर ब्रिगेड को बुलाया। फायर ब्रिगेड कर्मियों के साथ ग्रामीण पोखर में उसकी तलाश में उतरे। करीब डेढ़ घंटे तक तलाश के बाद देवराज का शव ही पानी से बाहर लाया जा सका। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि परिजन युवक के आत्महत्या करने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता सके हैं। अभी परिवार की ओर से तहरीर भी नहीं मिली है।