निपुण आकलन में विद्यार्थियों को हिंदी और गणित में कम से कम 75 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। वहीं, कक्षा एक और दो में अलग-अलग कम से कम 80 प्रतिशत विद्यार्थी निपुण होने पर ही विद्यालय को निपुण घोषित किया जाएगा। शनिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बैठक में खंड शिक्षाधिकारी नीलम सिंह ने प्रधानाध्यापकों को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि निपुण आकलन का पहला चरण 21 से 30 दिसंबर तक और दूसरा चरण 20 से 30 जनवरी 2027 तक आयोजित होगा। डीएलएड प्रशिक्षु निपुण प्लस एप के माध्यम से विद्यार्थियों का आकलन करेंगे। प्रत्येक कक्षा से 12-12 विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए कि आकलन के दौरान प्रशिक्षुओं को पूरा सहयोग दें।
बैठक में विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। खंड शिक्षाधिकारी ने शिक्षकों को शिक्षण कार्य के साथ जनगणना और बीएलओ के रूप में मिली जिम्मेदारियों का समय से ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। बैठक में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व प्रभारी प्रधानाध्यापक मौजूद रहे।