जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान हाथरस में डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) की 129 रिक्त सीटों को भरने के लिए दूसरे चरण की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रथम चरण में अपेक्षाकृत कम दाखिले होने के कारण अब विभाग को दूसरे चरण से बची हुई सीटों के भरने की आस जगी है।
हाथरस डायट में डीएलएड की कुल 200 सीटें निर्धारित हैं, लेकिन पहले चरण की काउंसिलिंग के बाद इनमें से केवल 71 सीटों पर ही प्रवेश हो सके। जारी समय-सारणी के अनुसार, सात सितंबर से अन्य प्रदेशों के अभ्यर्थियों के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू की गई है। 11 सितंबर से सभी वर्गों के स्थानीय व अन्य अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे। डायट प्राचार्य नवाब वर्मा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया 25 सितंबर तक हर हाल में संपन्न करा ली जाएगी। 28 सितंबर से नए सत्र की नियमित कक्षाएं संचालित कर दी जाएंगी।