महानगर के भुजपुरा मुल्लापाड़ा घोषियान मसजिद के पास शनिवार देर रात आतिशबाजी की चिंगारी से स्कूटी तेज धमाके के साथ फट गई। इस दुर्घटना से जहां इलाके में दहशत व अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं स्कूटी सवार युवक सहित दो युवक जख्मी हो गए। जिनमें स्कूटी सवार की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और देर रात उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। इस दुर्घटना के संबंध में कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है। मगर देर रात समाचार लिखे जाने तक चली जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आतिशबाजी स्कूटी में रखी होने के कारण एक्सीडेंट माना जा रहा है।
वाकये के अनुसार घोषियान मसजिद के पास रहने वाले जाहिद चूने वालों के बेटे का निकाह मैरिस रोड के गेस्ट हाउस में चल रहा था। घर के अधिकांश सदस्य विदाई की तैयारियों में व्यस्त थे और घर पर भी सजावट के साथ लोगों की आवाजाही जारी थी। रात करीब दस बजे उनका रिश्तेदार युवक aजमाल अजमल निवासी मोहल्ला पान वाली कोठी सिविल लाइंस अपनी स्कूटी पर सवार होकर किसी काम से जाहिद के घर गया। उसकी स्कूटी की डिग्गी में शादी में चलाने के लिए आतिशबाजी रखी हुई थी। घर पहुंचकर उसने कोई सामान लिया और वापसी में उसे डिग्गी में रखकर चलने को हुआ।
स्कूटी की डिग्गी लगाते समय अचानक डिग्गी में रखी आतिशबाजी ने किसी तरह चिंगारी पकड़ ली और इसके बाद फिर तेज धमाके के साथ स्कूटी का पेटोल टैंक फट गया। पेटोल टैंक फटने के कारण स्कूटी का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आगे का हिस्सा भी टूट गया। साथ में खुद जमाल बुरी तरह जख्मी हुआ और वहां खड़े इकबाल नाम के युवक के सीने पर भी चिंगारी आ गई।
तेज धमाका और स्कूटी में आग लगने से वहां अफरा-तफरी के बाद भीड़ जमा हो गई। खबर पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस के आने से पहले जमाल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उसे नाजुक हालत में आईसीयू में भरती किया गया है। डॉक्टरों द्वारा उसके एक पैर में गंभीर चोट की बात कही जा रही है। इधर, मोहल्ले में या दुर्घटनास्थल पर कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है। मेडिकल कॉलेज में जरूरत कुछ लोगों ने दबी जुबां से स्कूटी में आतिशबाजी होने की बात स्वीकारी। इधर, पुलिस ने स्कूटी को जब्त कर लिया है। फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है।