चलती गाड़ी से चिंगारी उठी और आग लग गई। इस पर गाड़ी खड़ी कर वह शोर मचाते हुए बाहर निकले। तत्काल ही गाड़ी में रखे डीजल भरे तीनों केन बाहर निकालकर दूर ले गए।
शनिवार रात करीब दस बजे अकराबाद थाने के गेट के सामने चलती स्कार्पियो में आग लग गई। उसमें सवार लोग उतरकर दूर भागे। देखते-ही-देखते पूरी स्कार्पियो जलकर राख हो गई।
विज्ञापन
हाथरस जनपद के थाना हसायन के इटरनी गांव निवासी अनिल कुमार ने अकराबाद थाना पुलिस को बताया कि वह गांव के निवासी मुन्ना बाबू के यहां काम करते हैं। उनकी स्कार्पियो से शनिवार की रात चालक सुनील कुमार के साथ खेती-बाड़ी के काम से अलीगढ़ स्थित मुन्ना बाबू के पेट्रोल पंप से तीन केन में 150 लीटर डीजल लेकर हसायन लौट रहे थे।
रात समय करीब साढ़े दस बजे जीटी रोड पर अकराबाद थाने के गेट के सामने ओवरब्रिज पर पहुंचे तभी चलती गाड़ी से चिंगारी उठी और आग लग गई। इस पर गाड़ी खड़ी कर वह शोर मचाते हुए बाहर निकले। तत्काल ही गाड़ी में रखे डीजल भरे तीनों केन बाहर निकालकर दूर ले गए। शोर सुनकर आसपास के लोगों के साथ थाने में मौजूद पुलिस कर्मी दौड़कर पहुंच गए।
थाना पुलिस के अनुसार आग बुझाने का भरसक प्रयास किया गया लेकिन देखते-ही-देखते पूरी गाड़ी धू-धूकर जल गई। वहीं, सुनील कुमार का कहना है कि आधे घंटे तक स्कार्पियो जलती रही लेकिन दमकल नहीं पहुंची, जिससे पूरी गाड़ी जल गई।