हरदुआगंज में निजी स्कूल संचालकों द्वारा मासूम बच्चों को घर से ले जाने और वापस छोड़ने की व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई है। शनिवार को कोंडरा गांव से बच्चों को लेकर स्कूल ला रही वैन नील गाय से टकरा गई, जिससे आधा दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल हो गये।
गंगा पब्लिक स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही वैन में करीब 13-14 बच्चे बैठे थे। बताया जा रहा है कि चालक स्कूल पहुंचने के लिए लेट हो रहा था इसलिए रामघाट रोड के रास्ते से कोंडरा गांव से हरदुआगंज जाने के लिए वैन की स्पीड बहुत थी। अचानक नील गाय सामने आ गई। जिससे वैन टकरा गई। इस हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा बच्चे चुटैल हो गए जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक घायल बच्चों को मौके पर ही छोड़कर गाड़ी लेकर फ रार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर इलाके के लोगों ने बच्चों को अस्पताल में दाखिल कराया। गंभीर रूप से घायल राहुल, हिमांशु और कविता को जीवन हास्पिटल में उपचार दिया जा रहा है। बच्चों को जबड़ों में चोटें आई है। हादसे की खबर मिलते अस्पताल पहुंचे बच्चों के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन बच्चों को लाने-ले जाने के नाम पर हर माह मोटी रकम वसूलता है लेकिन खराब वैन को अनट्रेंड चालकों के हाथों चलवा रहे हैं। चालक की लापरवाही के कारण ये हादसा हुआ है। इस मामले में स्कूल प्रबंधन कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है। पुलिस ने मामले की तहरीर आने के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।