जीटी रोड स्थित नानऊ चौराहे पर बृहस्पतिवार की दोपहर अचानक ट्रक के तेज हॉर्न की आवाज सुनकर डरी एक महिला की सड़क पर गिर कर मौत हो गई। गांव नानऊ के नगला रिसालदार निवासी आजाद ने बताया है कि बृहस्पतिवार की सुबह हाथरस जनपद के थाना सिकंदराराऊ के गांव मधु नगला निवासी उनके फूफा यासीन का इंतकाल हो गया था। इसकी जानकारी मिलने पर उनकी मां बानो बेगम (62) फूफा की मैयत में शामिल होने के लिए सिकंदराराऊ जा रही थीं।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे नानऊ चौराहे पर मां टेंपो में बैठने के लिए सड़क पार कर रही थीं, तभी पिलखना की ओर से आ रहे ट्रक चालक ने पीछे से तेजी से हॉर्न बजा दिया। अचानक हॉर्न की तेज आवाज सुनकर वह डर गईं और सड़क पर गिरकर बेहोश हो गईं। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और बानो बेगम को उठाकर चिकित्सक के पास ले गए। जहां को चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।