लॉकडाउन के दौरान जयगंज बाजार में पसरा सन्नाटा।
- फोटो : CITY OFFICE
कोरोना महामारी के बढ़ते प्रभाव को कम करने के लिए शासन की ओर से शुक्रवार रात दस बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक लागू किए लॉकडाउन का सिलसिला अब हर सप्ताह जारी रहेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हर सप्ताह पूरे प्रदेश में शनिवार और रविवार की बाजार बंदी का एलान किया है। हालांकि, इसकी स्पष्ट गाइडलाइन रविवार देर रात जिला प्रशासन को प्राप्त नहीं हो सकी थी। जिलाधिकारी के मुताबिक शासन की गाइड लाइन मिलने पर उनकी जिला स्तर पर समीक्षा करने के बाद नियम लागू कराया जाएगा। गाइड लाइन आने पर ही समय-सीमा और बाजार बंदी के दौरान क्या-क्या बंद रहेगा यह स्पष्ट होगा। वर्तमान में जो व्यवस्था लागू है, सोमवार यानी आज बाजार उसी के अनुरूप खुलेंगे। उसमें किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
पूर्व निर्धारित स्थानीय साप्ताहिक बंदी पर होगा फैसला
सप्ताह में शनिवार और रविवार को बाजार बंदी के एलान के बाद स्थानीय व्यापारियों में इस बात को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि पूर्व निर्धारित साप्ताहिक बंदी को प्रशासन समाप्त करेगा या जारी रखेगा। अगर, साप्ताहिक बंदी जारी रखी जाती है तो व्यापारियों को हफ्ते में सिर्फ चार दिन ही बाजार खोलने का मौका मिलेगा। ऐसे में उनको दुकानदारी में भारी गिरावट का सामना करना पड़ेगा। अगर, साप्ताहिक बंदी को समाप्त कर दिया जाता है तो वह सप्ताह में पांच दिन बाजार खोल सकेंगे। फिलहाल, इसको लेकर अभी प्रशासनिक और व्यापारिक गलियारों में असमंजस है।
बाजार होंगे सैनिटाइज, औद्योगिक इकाइयों पर भी सख्ती
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहने के दौरान सैनिटाइजिंग अभियान चलाया जाएगा। फैक्टरी और प्रतिष्ठान संचालक भी अपने-अपने यहां सैनिटाइजिंग कराएंगे। साथ ही औद्योगिक प्रतिष्ठानों में भी सरकारी कार्यालयों तरह कोविड डेस्क की स्थापना की जाएगी। हर मजदूर का फैक्टरी में घुसने से पहले तापमान मापा जाए। साथ ही उसके हाथ ठीक से सैनिटाइज कराए जाएं।