फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आशीर्वाद मांगने गए सतीश, लौटे खाली हाथ

Sat, 23 Mar 2019 01:37 AM IST
राजेश सिंह न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
गेट न खुलने पर वापस जाते सतीश गौतम। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
तमाम अंतर्विरोधों के बीच वर्तमान सांसद सतीश गौतम अलीगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी घोषित हो गए हैं। इसी के साथ उनके प्रति कल्याण सिंह की नाराजगी भी जगजाहिर हो गई। आशीर्वाद लेने गए सतीश को राजस्थान के राज्यपाल के अलीगढ़ स्थित निजी निवास राज पैलेस के दरवाजे से लौटा दिया गया। दूसरी ओर सतीश समर्थकों ने होली में खुशी के रंग भरकर सतीश गौतम का जोरदार स्वागत किया।
विज्ञापन


गुरुवार को होली के दिन सतीश कुमार गौतम का नाम घोषित होने की खबर पूरे जिले में फैल गई। कुछ ही देर में विद्यानगर में भाजपाई जुटने लगे और यहां होली के साथ दीपावली भी मन गई। रंग गुलाल के बीच आतिशबाजी भी गूंज उठी। काफी देर तक सतीश गौतम जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। टिकट मिलने के बाद सांसद शुक्रवार सुबह अलीगढ़ पहुंचे। वह सभी भाजपा विधायकों, जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष से मिले।

आरएसएस कार्यालय पहुंचे और उसके बाद राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के मैरिस रोड स्थित आवास राजपैलेस पहुंचे, लेकिन वहां का दरवाजा नहीं खुला। इंतजार करने के बाद सतीश गौतम वहां से लौट आए। तब तक विद्यानगर स्थित उनके कार्यालय पर हजारों कार्यकर्ता एकत्र हो चुके थे।
विज्ञापन


यहां उनका फूल मालाओं से जोरदार स्वागत कर खूब गुलाल लगाया गया। ढोल नगाड़ों से उनको बधाई दी गई। यहां किशोर, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी आए थे। वाहनों की लंबी कतारों से विद्यानगर पार्क वाली सड़क भर गई। बाइक तक के निकलने की जगह नहीं रही। 

कल्याण समर्थकों ने लगाए सतीश गौतम मुर्दाबाद के नारे
जब सतीश गौतम राज पैलेस पहुंचे तो कल्याण सिंह और राजू भैया दोनों अंदर मौजूद थे। कुछ देर तक बाहर इंतजार करने के बाद सतीश मायूस हो लौट गए। सतीश के पीए उमेश उपाध्याय के हाथों में लटका मिठाई का डिब्बा भी नहीं खुला।

सतीश के जाने के बाद वहां कल्याण सिंह व राजू भैया के समर्थकों ने सतीश गौतम मुर्दाबाद के नारे लगाए। इन नारों को कार्यकर्ताओं की भावना बताया गया। इस दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने कल्याण सिंह से कहा कि आप कुछ भी करें, मगर सतीश की टिकट वापस करवाएं। इस दौरान राजू भैया ने बाहर निकलकर लोगों को समझाया और बाबूजी कल्याण सिंह ने भी निकलकर कार्यकर्ताओं को इशारों में शांत किया और फिर अपनी कार में सवार होकर डॉक्टर के पास चले गए।

इस दौरान कल्याण सिंह या राजू भैया की ओर से इस बाबत कोई बयान नहीं आया। हालांकि मीडिया लगातार उनसे बात करने का प्रयास करती रही। गौर हो कि होलिका दहन के दिन बुधवार की रात को सतीश गौतम और बुलंदशहर सांसद भोला सिंह कल्याण सिंह से मिले थे और उन्होंने बाबू जी से आशीर्वाद लिया था।

 उस मुलाकात में राजू भैया और सतीश गौतम के बीच कुछ व्यंगबाण भी चले थे, जिस पर सतीश खामोश रहे थे। इधर, शुक्रवार दोपहर बाद कल्याण सिंह सेंटर प्वाइंट स्थित डा. सुभाष गुप्ता की क्लीनिक में इलाज कराने पहुंचे, जहां उनके दांतों का इलाज चल रहा है। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें