विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारी में जुटी पार्टियां अब अलग अलग सम्मेलन कराने में जुट रही हैं। बसपा का प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आगामी तीन अगस्त को मैरिस रोड स्थित हबीब गार्डन में प्रस्तावित है। पार्टी में इसकी तैयारी हो रही है, वहीं निष्कासित नेता इस सम्मेलन में विरोध प्रदर्शन कर अपनी बात रखना चाहते हैं।
अलीगढ़ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी रणवीर सिंह कश्यप ने बताया कि बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा, पूर्व सांसद मुनकाद अली सहित अलीगढ़ मंडल के वरिष्ठ नेता इस सम्मेलन को संबोधित करेंगे। जिले के स्थानीय प्रबुद्ध लेागों को भी इसमें आमंत्रित किया गया है, जो पार्टी की विचारधारा के साथ काम करना चाहते हैं।
बसपा के कुछ निष्कासित नेताओं का कहना है कि जिला पंचायत के चुनाव में पार्टी का समर्थन देने के एवज में वसूली करने और बाद में समर्थन नहीं देने पर उनकी रकम वापस नहीं करने का विरोध जारी है। जिन्होंने इसका विरोध किया तो उनको निष्कासित किया गया। ऐसे नेता और उनके समर्थक इस कार्यक्रम का विरोध करने की तैयारी कर रहे हैं।