अलीगढ़ जनपद की एकमात्र सहकारी चीनी मिल साथा की क्षमता बढ़ाए जाने के साथ ही डिस्टीलरी यूनिट, एथेनाल प्लांट एवं पावर प्लांट लगवाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर हैं। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने अपर मुख्य सचिव, गन्ना विकास को पत्र लिखकर पत्रावली पर आख्या तलब की है।
विधायक दलवीर सिंह, अनिल पाराशर, संजीव राजा, राजकुमार सहयोगी, अनूप प्रधान, रवेंद्र पाल सिंह, सांसद सतीश गौतम, राजवीर सिंह राजू भैया एवं रघुराज सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से साथा चीनी मिल की क्षमता बढ़ोतरी की मांग की थी। जन प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को लिखा था कि साथा चीनी मिल की पिराई क्षमता 1250 टीसीडी है। भारत सरकार द्वारा 1250 टीसीडी क्षमता की चीनी मिलों को लाभप्रद इकाई नहीं माना गया है। यह चीनी मिल वर्षों से घाटे में चल रही है, जिसका प्रमुख कारण चीनी मिल की पिराई क्षमता कम होना तथा अत्यंत पुराना व जीर्णशीर्ण मशीनरी का होना है। विगत दस वर्षों से अधिक समय से इस मिल में कोई मशीनरी बदली नहीं गई है।