अलीगढ़ की सारिका शर्मा ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आयोजित 63वीं नेशनल रोलर हॉकी चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है। चार बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद यह सारिका का पहला नेशनल मेडल है।
विज्ञापन
रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस चैंपियनशिप में देशभर के विभिन्न राज्यों की टीमों ने प्रतिभाग किया था। सारिका ने सेमीफाइनल मुकाबले में एक अहम गोल दागा। वह चार बार जिला चैंपियन रह चुकी हैं। तीन बार राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
सारिका ने बताया कि नेशनल चैंपियनशिप तक पहुंचने का सफर भी आसान नहीं रहा। इंडिगो एयरलाइन से जुड़ी परेशानियों के चलते एक समय ऐसा लगा कि उनका विशाखापट्टनम पहुंचना मुश्किल हो जाएगा, लेकिन सारिका ने हार नहीं मानी और दिल्ली से हैदराबाद होते हुए विशाखापट्टनम तक पहुंचीं। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय सारिका ने अपनी मां ममता शर्मा और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण देने वाले कोच अकबर अली को दिया है।