महानगर के सासनी गेट कृष्ण विहार पला इलाके में सर्राफ पिता-पुत्र पर बुधवार देर शाम हमला कर बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि पिता चाकुओं के हमले में गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। हमलावरों ने दुस्साहसिक घटना को घनी बस्ती में दुकान बंद करते समय अंजाम दिया। इससे इलाके में भगदड़ व अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन एकत्रित भीड़ ने लैपर्ड की मदद से दोनों को नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां बेटे को मृत घोषित कर दिया गया। देर रात तक कारण स्पष्ट नहीं हुआ था। मगर देनदारी से जुड़े विवाद में हत्या होना माना जा रहा है। पुलिस ने कुछ लोग शक के आधार पर चिह्नित किए हैं, जिनके घरों पर दबिश दी गई। मगर यह संदिग्ध गायब मिले।
पला साहिबाबाद प्रेम चौक के 45 वर्षीय सुनील वर्मा पुत्र कन्हैया लाल वर्मा की कृष्ण विहार में करीब डेढ़ दशक पुरानी सर्राफ की दुकान है। सुनील के तीन बेटों में सबसे बड़ा 20 वर्ष्ीय दीपक निजी कॉलेज से बीसीए कर रहा था और पिता के धंधे में भी हाथ बंटाता था।
बुधवार शाम करीब साढ़े आठ बजे रोजाना की तरह दीपक दुकान बंद करने की तैयारी कर रहा था। खुद सुनील पड़ोसी की दुकान के तख्त पर बैठे थे। बिजली न होने के कारण इलाके में अंधेरा था। मगर चहल-पहल थी और आसपास दुकानों व घरों पर लोग भी थे। तभी अचानक एक बाइक पर हमलावर आए और उन्होंने तख्त पर बैठे सुनील पर चाकुओं से हमला बोला और सीने में व शरीर के अन्य हिस्सों में चाकू लगने से वह जख्मी हो गया।
बाप पर हमला होते देख दुकान का ताला लगा रहा बेटा हमलावरों से भिड़ गया। इस दौरान जमकर गुत्थम-गुत्था हुई। मगर तभी हमलावरों ने दीपक पर फायरिंग कर दी। इस हमले में दीपक के एक गोली सीने व एक पीठ से लगी और फिर उसके शरीर पर चाकुओं से कई वार करते हुए हमलावर भाग गए।
एकाएक इलाके में फायरिंग से झगड़े का शोर मच गया और लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। मगर दोनों बेसुध हालत में पड़े थे। इसी बीच पीछे से गश्त करती लैपर्ड भी आ गई और दोनों को आगरा रोड के नर्सिंग होम ले जाया गया। जहां दीपक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी सिटी, सीओ प्रथम, एसओ सासनी गेट के अलावा इंस्पेक्टर कोतवाली, एसओ गांधीपार्क, एसओ देहली गेट आदि पहुंच गए। मौके पर काफी संख्या में भीड़ जमा हो गई। पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आया है उसके अनुसार देनदारी से जुड़े विवाद में सुनील पर हमले का अंदेशा है और बीच बचाव में बेटे की जान चली गई। फिलहाल सुनील ट्रामा सेंटर में भरती है। पुलिस को तहरीर का इंतजार है।
-घटना के संबंध में परिजनों को बेहतर जानकारी नहीं है और न वह किसी तरह की रंजिश स्पष्ट कर पा रहे हैं। सुनील ने टूटी-फूटी बातचीत व आसपास लोगों से मिली जानकारी के अनुसार देनदारी से जुड़ी रंजिश में हत्या व हमले का अंदेशा है। बाकी तहरीर व जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।-राजकुमार सीओ प्रथम