अलीगंज के लॉजिस्टिक कारोबारी व सीमेंट सप्लायर संदीप गुप्ता हत्याकांड में आरोपी शूटर प्रवीन बाजौता व जितेंद्र कंजा आज न्यायालय में पेश हो सकते हैं। पुलिस द्वारा मांगे गए बी वारंट पर बृहस्पतिवार को पेशी की तारीख नियत है। इसके लिए पुलिस स्तर से सुरक्षा आदि को लेकर भी ध्यान रखा जा रहा है।
बता दें कि दिसंबर माह में हुए संदीप हत्याकांड में आरोपी शूटर प्रवीन बाजौता व हाथरस के बिसावर के जितेंद्र कंजा की 10 फरवरी को भरतपुर उद्योग नगर थाने में अवैध हथियार संग गिरफ्तारी हुई है। इसी के चलते पुलिस ने इन दोनों को तलब कराने के लिए न्यायालय से बी वारंट लिया था। जिस पर 17 फरवरी यानी बृहस्पतिवार की तारीख नियत है और बी वारंट भरतपुर की सेवर जेल दाखिल किया जा चुका है। सब ठीक रहा तो दोनों को भरतपुर पुलिस अलीगढ़ न्यायालय लेकर आएगी। इसके लिए सिविल लाइंस पुलिस ने भी सुरक्षा आदि की तैयारी कर रखी है। यहां आने पर उन पर संदीप की हत्या का मुकदमा तामील कराया जाएगा और रिमांड आदि की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।