अलीगंज के लॉजिस्टिक कारोबारी व सीमेंट सप्लायर संदीप गुप्ता हत्याकांड में मुख्य आरोपी पेशेवर शूटर प्रवीन बाजौता साथी संग राजस्थान के भरतपुर जनपद में गिरफ्तार हुआ है। बृहस्पतिवार रात उसे भरतपुर के उद्योग नगर थाना पुलिस ने अवैध हथियार संग दबोचा है। हालांकि ऐन मतदान के दिन एकाएक यह गिरफ्तारी गले नहीं उतर रही। मगर खबर मिलने पर बृहस्पतिवार सुबह-सुबह जिला पुलिस टीम पूछताछ के लिए भरतपुर पहुंच गई। जहां उससे तमाम जानकारियां मिली हैं। वहीं जल्द प्रवीन व उसके साथी को वी वारंट पर यहां तलब कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
27 दिसंबर की देर शाम गांधी आई तिराहा पर हुए संदीप गुप्ता हत्याकांड में सुपारी देकर हत्या करने वाले मुख्य शूटर के रूप में टप्पल क्षेत्र के गांव बाजौता के जिले की टॉप-10 सूची में शामिल पेशेवर शूटर प्रवीन का नाम उजागर हुआ। हालांकि घटना के बाद से ही पुलिस के मुखबिर प्रवीन का नाम दबी जुबां से ले रहे थे। मगर इसकी पुष्टि नहीं हो पा रही थी। पिछले दिनों संदीप की हत्या कराने वाले मुख्य साजिशकर्ता अंकुश अग्रवाल व साहिल यादव की गिरफ्तारी के बाद प्रवीन का नाम स्पष्ट हुआ था। तभी से पुलिस की सर्विलांस/एसओजी टीम प्रवीन की तलाश में लगी थी। बृहस्पतिवार सुबह-सुबह भरतपुर के जरिये जिला पुलिस को खबर मिली कि प्रवीन को भरतपुर के उद्योग नगर थाने में उसके एक साथी हाथरस सादाबाद के गांव छत्तर के जितेंद्र संग अवैध हथियार रखने के आरोप में दबोचा गया है। इस सूचना पर पुलिस टीम पूछताछ के लिए वहां भेजी गई है।
मेवात में काटी फरारी, चुनाव के दिन गिरफ्तारी
वहां पहुंची पुलिस टीम से पूछताछ में प्रवीन ने स्वीकारा है कि साहिल व उसके भाई जेल में निरुद्ध रहे थे। तभी उसकी उनसे दोस्ती हुई थी। साहिल ही अंकुश को उसके पास संदीप की हत्या के इरादे से लेकर आया था। सुपारी पहले 25 में फिर 20 लाख में तय हुई। जिसमें से 10 लाख एडवांस मिला था। एक लाख रुपया साहिल ने अपने पास रखा था। घटना में उसने अपने साथ गिरफ्तार हुए जितेंद्र उर्फ कंजा व एक अन्य दिल्ली रोहिणी के अपराधी दोस्त अंगद उर्फ टोनी को शामिल किया था। अंगद दिल्ली का पेशेवर अपराधी है और वहां से किसी वारदात में फरार है। घटना के बाद तीनों को अंकुश व साहिल ने फरह टोल पर छोड़ा था। इसके बाद वे फरारी काटने मथुरा-हरियाणा बॉर्डर के मेवात में फरारी काटते रहे। इस बीच अंगद कहीं अलग चला गया था। चूंकि अलीगढ़, मथुरा, आगरा सहित पश्चिमी यूपी के कई जिलों में पहले चरण में चुनाव था और पुलिस बहुत सक्रिय थी। कोविड की वजह से न्यायालयों में भी सरेंडर आदि के काम रुके हुए हैं। इसलिए सरेंडर करने की योजना साकार नहीं हो पाई। अब वे आगे निकल रहे थे कि बृहस्पतिवार रात दोनों को उद्योग नगर पुलिस ने दबोच लिया। अब यहां तलब कराकर उसे रिमांड पर लिया जाएगा।
बलैनो को लेकर अभी आधी-अधूरी जानकारी
पुलिस पूछताछ में हत्या करना तो स्वीकारा है। मगर अभी हत्या में प्रयुक्त की गई बलैनो को लेकर सही जानकारी नहीं दी गई है। सूत्रों के अनुसार प्रवीन ने बताया है कि उसने यह कार कहीं से खरीदी थी। अभी यह आगे की पूछताछ में साफ होगा कि आखिर कहां से खरीदी। यह तथ्य सही है या झूठ है।
- प्रवीन बाजौता व उसके साथी जितेंद्र को भरतपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हमारी टीमें वहां उनसे पूछताछ के लिए गई हैं। उन्होंने संदीप की हत्या करना स्वीकारा है। हत्या में खुद प्रवीन ने अपना, साथी जितेंद्र व दिल्ली के फरार साथी अंगद का नाम उजागर किया है। इन दोनों को न्यायालय से वी वारंट के आधार पर तलब कराया जाएगा। वहीं अंगद की तलाश कराई जाएगी। अंगद को लेकर दिल्ली पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।
- श्वेताभ पांडेय, सीओ तृतीय