राष्ट्रवादी चिंतक एवं वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने कहा कि वैश्विक शांति के लिए सनातन संस्कृति का मजबूत होना आवश्यक है।
पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ बुधवार को गूलर रोड स्थित गायत्री पैलेस में बुद्धिजीवियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री पर जिहादी गैंग का कब्जा है। इस फिल्म इंडस्ट्री में हमेशा सनातन संस्कृति को विकृत रूप में दिखाया जाता है। पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने 1976 में भारतीय संविधान की आत्मा कहे जाने वाली प्रस्तावना में ‘सेक्युलर’ शब्द पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने इसके हिंदी रूपांतरण में पंथ निरपेक्ष के स्थान पर धर्म निरपेक्ष को गलत बताया। युवाओं के विषय में उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में क्रांति के लिए उन्हें सरल भाषा में सनातन संस्कृति का ज्ञान देना होगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति को समझाने के लिए माध्यम तो समझाए गए, लेकिन उद्देश्य नहीं बताया गया।
पाकिस्तान के संदर्भ में कहा कि 1971 के बाद पाकिस्तान कभी सीधे तौर पर नहीं लड़ा, लेकिन पाकिस्तान के आर्मी हेडक्वार्टर रावलपिंडी ने भारत को ऐसे हजार घाव देने की पॉलिसी बनाई जो रिस रहे हैं। पुष्पेेद्र कुलश्रेष्ठ ने बल्लभगढ़ में धर्म परिवर्तन न करने के कारण की गई निकिता तोमर व कुछ दिन पूर्व दिल्ली में की गई अंकित सक्सेना व राहुल राजपूत की हत्या के कारणों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि भारतीय संसद द्वारा 1995 में वक्फ़ प्रॉपर्टी एक्ट पास किया है जो देश के विभाजन से भी ज्यादा खतरनाक है। भारत में बनाए गए माइनॉरिटी कमीशन को उन्होंने देश के पंथों के बीच बंटवारे का सबसे बड़ा कारण बताया।
कार्यक्रम से पूर्व पारुल जिंदल, प्रगति चौहान एवं वेदप्रकाश मणि को सम्मानित किया गया। राम मंदिर आंदोलन से जुड़े एवं बलूचिस्तान से आए कैप्टन सिकंदर रिजवी ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन आहुति के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मुकेश राजपूत, जयप्रकाश सारस्वत, गौरव शर्मा, ज्ञानेंद्र मिश्रा, अमरीश गर्ग, गिरधारी लाल गोयल, प्रदीप सिंघल, सत्यप्रकाश नवमान, डॉ विश्वमित्र आर्य, पवन प्रयास, मधु आंधीवाल, रविंद्र राष्ट्रीय, भारत पाटनी, विक्रांत गर्ग, संजय शर्मा, रवि राठी, दलवीर चौहान, मुकेश लिम्का, योगेश आर्य, प्रवीण आर्य आदि उपस्थित रहे।