एक दिन में काम पूरा करने वाले प्रगणक दिनेश कुमार को सम्मानित करते तहसीलदार। स्रोत : स्वयं
- फोटो : samvad
जनगणना अभियान के तहत पहले दिन ही मकान गणना का काम पूरा करने वाले शिक्षक दिनेश कुमार को चार्ज अधिकारी तहसीलदार सतीश चंद्र बघेल शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस संबंध में एसडीएम पारितोष मिश्रा ने बताया कि जनगणना महाअभियान को पूरा करने के लिए सरकार द्वारा प्रथम चरण में मकान गणना करने के साथ ही संबंधित ब्लॉक का मानचित्र तैयार करने के लिए 22 मई से 20 जून तक समय नियत किया गया है।
उन्होंने बताया कि तहसील के ब्लॉक एचएलबी संख्या 141 के प्रगणक और प्राथमिक विद्यालय विजयगढ़ के मजरा कैमथल के शिक्षक दिनेश कुमार ने पहले दिन 22 मई को ही मकान गणना को पूरा करने के साथ ही संबंधित ब्लॉक का नक्शा बनाकर जमा कर दिया है। इसलिए जनगणना महाअभियान में लगे अन्य प्रगणकों को भी चाहिए कि वे शिक्षक दिनेश कुमार से प्रेरणा लेकर अपने टास्क को नियत समय से पहले पूरा करें।
बॉक्स
तहसीलदार की प्रेरणा से ही मकान गणना कर सका : दिनेश
एचएलबी संख्या 141 के प्रगणक दिनेश कुमार मूलरूप से गोंडा के रहने वाले हैं। उनकी पोस्टिंग गांव विजयगढ़ में है। पहले दिन ही मकान गणना को पूरा करने के संबंध में जानकारी की तो उन्होंने बताया कि प्रगणक की नियुक्ति के उपरांत जब प्रशिक्षण दिया गया तो पूरी तन्मयता से प्रशिक्षण लिया। इसके बाद 16 मई को तहसील से प्रगणक के रूप में उनके कार्यस्थल को ही परिक्षेत्र के रूप में आवंटन किया गया तो तहसीलदार ने उनको प्रोत्साहित करते हुए कहा था कि मकान गणना के कार्य को पहले ही दिन पूरा करके अपनी पहचान बना सकते हो। बस उसी दिन शपथ लेकर मन बना लिया था कि अपने टास्क को पहले ही दिन पूरा करूंगा। उसके बाद ब्लॉक में भ्रमण करके नक्शा तैयार किया। दूसरे दिन सुबह आठ बजे से स्वयं तथा गांव के ही युवाओं के सहयोग से अधिकतम स्वगणना कराने के टास्क को अंजाम दिया। इसके बाद मकान गणना के काम को पूरा करने के साथ ही शुक्रवार को संग्रहीत डॉटा को ऑनलाइन कर दिया। तहसीलदार द्वारा सम्मानित करने पर बहुत ही गौरवान्वित भी हूं।