सासनी गेट क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने अपनी मां पर उसको तीन लाख रुपये में बेचने का आरोप लगाते हुए अपनी जान और इज्जत बचाने की गुहार की है। लड़की ने कहा है कि उसकी मां उसे जबरन हरियाणा के झज्जर में एक 40 वर्षीय टेंपो चालक के साथ भेज देना चाहती है क्योंकि टेंपो वाले ने उसकी मांग को तीन लाख रुपये दिए हैं।
शुक्रवार को अपने अधिवक्ता सरदार मुकेश सैनी के साथ लड़की महिला थाने पहुंची और पूरी बात लिखित में दी। इस मामले का एक पहलू यह भी है कि नाबालिग लड़की को बाल कल्याण समिति, महिला थाना सहित अन्य संस्थाओं ने रात में अपने यहां रखने से मना कर दिया। अधिवक्ता सरदार मुकेश सैनी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने एसएसपी को पूरी बात बताई जिसके बाद उन्होंने जांच कर कार्रवाई करने को कहा। लेकिन रात में यह नाबालिग लड़की कहां रुकेगी इस विषय में स्पष्ट नहीं किया।
प्रार्थना पत्र में लड़की ने कहा है कि उसकी मां ने उसके मामा की मदद से उसका सौदा कर दिया। किसी तरह लड़की हरियाणा के झज्जर से जान बचा कर यहां तक पहुंची। युवती ने बताया कि उसको खरीदने वाला टेंपो चालक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करता है। उसे यह भी पता चला कि टेंपो चालक उसे मुंबई में 15 लाख रुपये में बेचने वाला था। अधिवक्ता सरदार मुकेश सैनी ने बताया कि लड़की को महिला थाने में प्रस्तुत कर दिया गया। उसका प्रार्थना पत्र भी दिलवा दिया गया है। पूरी बात वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है। इसके बाद लड़की की सुरक्षा और उसके संबंध में निर्णय उन्हीं को करना है।