राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी में खरीदारी और सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए लोगों की उम
- फोटो : CITY OFFICE
राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी का शिल्पग्राम बाजार घर की साज-सज्जा से संबंधित सामानों से ग्राहकों को लुभा रहा है। हालांकि, पिछले सालों की तुलना में इस बार कम दुकानदारों के आने के कारण रौनक कम है, इसके बावजूद ग्राहक यहां पर पहुंच रहे हैं। यहां पर सहारनपुर का वुडन हैंडीक्राफ्ट लोगों को आकर्षित कर रहा है। साथ ही यहां कालीन और महिलाओं की हैंड पर्स खास हैं।
शिल्पग्राम में घर को सजाने के लिए लकड़ी से बने बेहद खास आइटम मौजूद हैं, जिनमें एलईडी लाइट लगी तोप, दीवारों पर सजाने के लिए पेड़ व अन्य कई प्रकार की डिजाइन हैं। इतना ही नहीं गहने रखने के लिए लकड़ी की छोटी व बड़ी तिजोरी भी हैं। सहारनपुर से आए दुकानदार शाहबाज ने बताया कि वह शिल्पग्राम में बीते 20 साल से दुकान लगा रहे हैं। हर बार अलीगढ़ नुमाइश के लिए कुछ न कुछ खास आइटम तैयार किए जाते हैं। इस बार एप्पल के लोगो वाली दीवार घड़ी, पुराने जमाने का टेलीफोन, तोप वाली एलईडी खास है।
पिछले साल की अपेक्षा इस बार दुकान कम लगी हैं। मगर, खरीदारी के लिए भीड़ अच्छी खासी आ रही है। नुमाइश प्रभारी एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी ने बताया कि शिल्पग्राम को लगाया ही इसलिए जाता है कि यहां पर अलग-अलग शहरों से आकर लोग अलीगढ़ वासियों को हस्तशिल्प की वस्तुओं को बेच सकें। बाजार में कुल 105 पक्की दुकानें हैं। इनमें से करीब 75 दुकानें उठ गई हैं। कुछ दुकानदार अभी भी संपर्क में हैं। वह जल्द ही दुकान सजा लेंगे।