बस के भीतर की सुरक्षा पर निगरानी नहीं
रात में लंबी दूरी की स्लीपर बसों में बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी होते हैं। ऐसे में केवल वाहन को बाहर से देख लेना या कागजात की जांच करना पर्याप्त नहीं है। चालक-परिचालक का सत्यापन, बस के भीतर की स्थिति, यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन इंतजामों की जांच भी जरूरी है। सोमवार रात की पड़ताल में इन पहलुओं की जांच होती नहीं दिखी।
पैनिक बटन और सीसीटीवी भी जांच के दायरे में नहीं
बसों में पैनिक बटन और सीसीटीवी लगाने के निर्देश हैं। चालक और परिचालक के सत्यापन का भी प्रावधान है। ऐसे में रात की चेकिंग में यह देखना भी जरूरी है कि सुरक्षा उपकरण मौजूद हैं या नहीं और जरूरत पड़ने पर काम भी करेंगे या नहीं। मैनपुरी की घटना के बाद स्लीपर बसों की सुरक्षा जांच को लेकर यह सवाल और महत्वपूर्ण हो गया है।
समय-समय पर होती है जांच : आरटीओ
आरटीओ प्रशासन दीपक कुमार शाह ने बताया कि हाईवे से गुजरने वाली स्लीपर क्लास और निजी बसों की चेकिंग दस्तों द्वारा समय-समय पर की जाती है। अनियमितता मिलने पर कार्रवाई भी होती है। मैनपुरी की घटना को देखते हुए अब चेकिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा।
हाईवे सुरक्षा प्राथमिकता में : एसएसपी
एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि पूरा हाईवे पुलिस की सुरक्षा प्राथमिकता में है। टोल पर पुलिस पीवीआर के साथ सीसीटीवी और अन्य निगरानी व्यवस्था है। रात में पेट्रोलिंग होती है। बस संचालकों को पैनिक बटन समेत अन्य सुरक्षा इंतजाम रखने के निर्देश हैं। चालक और परिचालकों के सत्यापन का भी प्रावधान है।
पड़ताल
- 70 किमी तक हाईवे का हिस्सा
- 8 थाने सुरक्षा व्यवस्था के जिम्मे
- 5 यूपी-112 गाड़ियां गश्त करती मिलीं
- 3 लैपर्ड बाइक गश्त करती मिलीं
- 2 जगह बैरिकेडिंग मिली
- 1 चेक प्वाइंट पर पुलिस मिली
- 0 स्लीपर बस की चेकिंग होती मिली