अलीगढ़ में बदमाशों ने बाइक सवार दंपती के साथ मारपीट कर जेवर और नकदी लूट ली। इस दौरान पीड़ित दंपती ने बच्चे के बीमार होने और उसकी दवाई दिलाने के लिए जाने की गुहार लगाई। दंपती बदमाशों के सामने गिड़गिड़ाए तो बदमाशों ने बीमार बच्चे की दवाई के लिए 200 रुपये छोड़ दिए। इसके साथ ही मोबाइल और बाइक की चाबी भी सड़क पर फेंककर भाग गए।
अलीगढ़ से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। हरदुआगंज में बुखार से पीड़ित बीमार बेटे को दवा दिलाने निकले दंपती को नहर पटरी पर शुक्रवार को तीन बदमाशों ने घेरकर लूट लिया। महिला के जेवर और चार हजार रुपये लूटने के बाद बदमाश माछुआ की ओर भाग निकले।
विज्ञापन
बेटे की बीमारी का हवाला देकर दंपती की मिन्नत सुनकर कुछ दूर जाकर बदमाशों का दिल पसीज गया। उन्होंने मोबाइल, बाइक की चाबी और 200 रुपये लौटाते हुए कहा बच्चे को दवा दिला लाना।
क्वार्सी क्षेत्र के देवसैनी निवासी गौरव शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे पत्नी वर्षा और एक वर्षीय बेटे अनमोल के साथ जलाली जा रहे थे। कई दिनों से बुखार से पीड़ित अनमोल को जलाली में क्लीनिक चलाने वाले अपने साडू से दवा दिलानी थी।
विज्ञापन
माछुआ नहर पुल से शेखा पुल की ओर नहर पटरी से गुजरते समय मई के नगला के पास एक बाइक पर तीन युवक सामने से आए। कुछ देर बाद वे वापस लौटे और पीछे से ओवरटेक कर दंपती की बाइक रुकवा ली।
मारपीट कर मोबाइल, जेवर और रुपये लूटे
बदमाशों ने गौरव से मारपीट कर मोबाइल और बाइक की चाबी छीन ली, जेब में रखे चार हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद वर्षा के कानों की सोने की बालियां-कुंडल, दोनों अंगूठियां और पैरों की चांदी की पाजेब उतरवा ली।
दंपती ने बदमाशों से काफी मिन्नतें कीं और बेटे की बीमारी का हवाला दिया। गौरव के मुताबिक, तीन में से एक ने साथियों से उन्हें छोड़ने की बात भी कही, लेकिन दोनों अन्य बदमाश नहीं माने। लूट के बाद तीनों करीब 20 मीटर आगे पहुंचे और अचानक बाइक रोक दी।
'बच्चे को दवा दिला लाना'
इसके बाद मोबाइल और बाइक की चाबी सड़क पर फेंक दी। फिर 200 रुपये का नोट भी दंपती की ओर उछालते हुए कहा कि बच्चे को दवा दिला लाना। इसके बाद बदमाश माछुआ पुल की ओर भाग गए। डरे-सहमे दंपती शेखा पुल पहुंचे और परिजनों को बुलाकर पुलिस को सूचना दी।
दर्जनों कैमरों में तलाशे लुटेरों के रास्ते
घटना के बाद पुलिस ने नहर पटरी से लेकर आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ कई पुलिस टीमें संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान में जुटीं। दंपती से भी फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्धों की पहचान कराने का प्रयास किया गया। शाम तक पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
एसएसपी ने दिए जल्द गिरफ्तारी के निर्देश
एसएसपी नीरज जादौन और एसपी देहात मनीष कुमार मिश्र ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित दंपती से पूरी जानकारी ली। अधिकारियों ने क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, एसओजी और सर्विलांस टीम को लुटेरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। एसएचओ जोगेंद्र सिंह ने बताया कि गौरव की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।