सीबीएसई दसवीं का परीक्षा परिणाम इसी सप्ताह आने की संभावना है। कोरोना के चलते इस बार परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि परिणाम को देखने के लिए रोल नंबर का प्रयोग होगा। यह रोल नंबर विद्यार्थी अपने स्कूलों से प्राप्त कर सकते हैं।
बता दें कि जब छात्र अथवा छात्रा सीबीएसई परीक्षा के लिए पंजीकृत होते हैं तो उनके लिए रोल नंबर जारी किया जाता है।
यह रोल नंबर केंद्रीय व्यवस्था के अनुरूप होता है। इसी रोल नंबर के अधार पर विद्यार्थी परीक्षा देते हैं और परिणाम प्राप्त करते हैं। यही रोल नंबर अंकतालिका पर अंकित कर दिया जाता है। कोरोना के चलते ऐसा पहली बार हो रहा है कि छात्र-छात्राओं को एडमिट कार्ड वितरित नहीं किए गए। ऐसे में रोलनंबर से परीक्षा दिए बिना सीबीएसई के दसवीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रमोट कर दिया गया है। विगत वर्षों के प्रदर्शन के आधार पर परिणाम जारी किया जा रहा है। विद्यार्थी परीक्षा नहीं, बल्कि परिणाम जानने के लिए रोल नंबर का प्रयोग करेंगे। यह रोल नंबर स्कूलों से विद्यार्थियों को दिए जाएंगे। जबकि विभिन्न स्कूल प्रबंधन बुधवार से लेकर शुक्रवार तक परीक्षा परिणाम आने के कयास लगा रहे हैं।
- परीक्षा परिणाम को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। अन्य माध्यमों से जानकारी मिल रही है कि शुक्रवार तक किसी भी दिन रिजल्ट जारी होने की संभावना है। वहीं विद्यार्थी रिजल्ट देखने के लिए स्कूलों से रोल नंबर प्राप्त कर सकेंगे। जिसके माध्यम से परीक्षा परिणाम देखा जा सकेगा।
- आरती निगम, सीबीएसई कोआर्डिनेटर व प्रिंसिपल दिल्ली पब्लिक स्कूल।
- इसी सप्ताह में परीक्षा परिणाम आने की जानकारी विभिन्न माध्यमों से मिल रही है। हालांकि सीबीएसई ने अभी तक इस संबंध में कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। वहीं बच्चे स्कूल से रोल नंबर लेकर अपना रिजल्ट देख पाएंगे। परिणाम से पहले सभी बच्चों को रोल नंबर वितरित कर दिए जाएंगे।
- प्रवीन अग्रवाल, अध्यक्ष पब्लिक स्कूल एंड डेवलेपमेंट सोसाइटी
आरती निगम, सीबीएसई कोआर्डिनेटर व प्रिंसिपल दिल्ली पब्लिक स्कूल।- फोटो : CITY OFFICE