महानगर के रामघाट रोड पीएसी इलाके से लापता टैक्सी चालक की टैक्सी लूटने के बाद हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार सुबह इगलास क्षेत्र में मथुरा रोड पर मोहकमपुर के पास पड़ा मिला। रविवार रात से तलाश रहे परिजनों ने मंगलवार सुबह अखबारों के माध्यम से शव की शिनाख्त कर पुलिस को खबर दी। इस मामले में इगलास व क्वार्सी पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुट गई हैं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस सर्विलांस की मदद ले रही है।
क्वार्सी की सुखरावली रोड राजविहार कॉलोनी निवासी विष्णु पुत्र सत्यवीर दो भाइयों में छोटा था और उसके ढाई साल की बेटी व ढाई माह का बेटा भी है। वह अपनी जायलो को टैक्सी के रूप में चलाता था। रविवार शाम रामघाट रोड निरंजनपुरी स्थित ट्रैवल एजेंसी के मध्यम से वह छह लोगों की बुकिंग लेकर मथुरा वृंदावन दर्शन कराने गया। इसके बाद रात दस बजे तक उसकी यहां अपने परिचित कुछ लोगों से बात भी हुई है और उसने बताया कि वह वापस आ रहा है, रास्ते में है। उसने यह भी बताया कि बुकिंग पर गए लोग उसके पूर्व परिचित हैं। उन्हीं में से एक गाड़ी चला रहा है। इसलिए वह आराम से फोन पर बतियाता आ रहा था। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया और कोई सुराग नहीं लगा।
इसके बाद से परिजनों ने तलाश शुरू की और वह वृंदावन तक गए। सोमवार को ही क्वार्सी में गुमशुदगी भी दर्ज कराई। इधर, सोमवार सुबह मोहकमपुर इगलास के खेतों में एक लाश मिली, जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया। मंगलवार सुबह लाश मिलने की खबर अखबारों में देख उसका भाई भोला आदि पहले पोस्टमार्टम हाउस गए। जहां शव की शिनाख्त करने के बाद वह क्वार्सी थाने आए। यहां सीओ राजीव सिंह को पूरा वाकया बताया। फिलहाल गुमशुदगी को लूट के बाद हत्या में तरमीम कर लिया गया है। सीओ तृतीय राजीव सिंह के अनुसार बदमाश पूर्व परिचित बताए गए हैं।