बाइक सवारों को टक्कर मारने के कारण बस को रोक कर खड़े राहगीर।
- फोटो : samvad
तालाब चौराहा स्थित रेलवे पुल पर जाम के दौरान हाथरस डिपो की रोडवेज बस अचानक पीछे की ओर ढरकने लगी। इससे पीछे चल रहे कई बाइक सवार बस की चपेट में आ गए। हादसे में एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद बाइक सवारों ने बस को रुकवाकर हंगामा किया और नुकसान की भरपाई की मांग की।
सोखना निवासी धर्मेंद्र कुरियर पार्सल डिलीवरी का काम करते हैं। वह पार्सल बैग लेकर बाइक से बस के पीछे चल रहे थे। इसी दौरान बस पीछे की ओर ढरकने लगी। धर्मेंद्र ने बचने का प्रयास किया, लेकिन उनकी बाइक बस की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। शोर मचाने पर चालक ने बस रोक दी। इसके बाद बाइक सवारों ने नवल नगर के सामने रोडवेज बस को रुकवा लिया। वे क्षतिग्रस्त बाइक के मुआवजे की मांग करने लगे। इस दौरान काफी देर तक हंगामा हुआ और बस में सवार यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। मौके पर जुटे लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद बस रवाना हो सकी। हालांकि सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है।