उत्तर प्रदेश कांग्रेस में जान फूंकने को लगातार प्रयासरत कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी का शनिवार को शहर में जबरदस्त स्वागत हुआ। पहली बार अलीगढ़ आईं प्रियंका ने भी इस स्वागत का खुले दिल से जवाब दिया और पांच घंटे तक लगातार लोगों के बीच रहीं। इस दौरान कहीं हाथ जोड़कर, कहीं हाथ मिलाकर, कहीं बातचीत कर लोगों से जुड़ने का प्रयास किया। इस बीच उन्होंने रामघाट रोड के शनि मंदिर में अंदर जाकर मत्था टेका और वसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती का पूजन भी किया। पूरे समय महिलाएं, व्यापारी और युवा उनके फोकस पर रहे। उनसे जुड़कर प्रदेश में कांग्रेस की मजबूती का आह्वान करते हुए भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में बेरोजगारी, अपराध आदि का संदेश दिया।
फूल मालाएं पहनाईं, चुनरी ओढ़ाई, पुष्पवर्षा कर स्वागत
इगलास से चलकर सासनी गेट के रास्ते मालगोदाम पहुंचीं प्रियंका ने ढाई बजे रोड शो शुरू किया। इस दौरान सबसे पहले वे शीश महल साड़ी वाले मार्केट पर उतरीं। यहां उन्होंने एक सर्जिकल व्यापारी से हाल चाल जाना। दो महिलाओं से संवाद किया। उनसे भी हाल चाल जाना और वर्तमान सरकार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल पूछा। प्रियंका ने उन्हें पिंक कलर के हैंड बैंड दिए व अपना घोषणा पत्र दिया। फिर वे साहिबा ब्यूटी पार्लर के बाहर उतरीं। साहिबा ब्यूटी का पार्लर की मालिक ने उन्हें अंदर आने का इशारा किया तो खुद को रोक न पाईं और पार्लर के अंदर चलीं गईं। करीब 10 मिनट उन्होेंने पार्लर में गुजारे। इस दौरान पार्लर में मौजूद लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली। उन्होंने यहां भी महिला सुरक्षा के बारे में पूछा और व्यापार का हाल चाल जाना। लोगों का कहना था कि पहली बार प्रियंका गांधी से मिलकर उन्हें काफी खुशी मिली। यहां से जब वे ऊपरकोट की ओर बढ़ीं तो स्वागत को सैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ ने जबरदस्त स्वागत किया। फूल बरसाए, मालाएं पहनाईं। ऊपरकोट में लोहा व्यापारी से संवाद किया और फिर आगे बढ़ गईं और देहली गेट पर यह रोड शो समाप्त हुआ।
यहां से फिर मीनाक्षी पुल पर स्वागत के लिए उतरीं और कोल में रोड शो शुरू हुआ। यहां महाजन होटल के सामने उनका जोरदार स्वागत हुआ। इसके बाद प्रियंका ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गांधी आई तिराहे तक पदयात्रा की तो भीड़ बेकाबू हो गई। इस दौरान टीकाराम स्कूल के बाहर अमित उपाध्याय ने स्वागत किया। भीड़ उन्हें देखने और झलक पाने को बेताब रही। गांधी आई अस्पताल से वह दोबारा से गाड़ी में सवार हुई और जनकपुरी शनि मंदिर के अंदर शिव मंदिर में गईं, जहां उन्होंने मत्था टेका और वसंत पंचमी की पूजा की। इसके बाद विक्रम कॉलोनी, क्वार्सी चुंगी पर उनका गौरव गोदानी की अगुवाई में स्वागत किया। यहां से फिर रोड शो शुरू हुआ और केला नगर, दोदपुर, मेडिकल रोड पर जबरदस्त स्वागत के बाद एएमयू से धौर्रा, जमालपुर, बरौला होते हुए बरौली क्षेत्र के नगला पटवारी में स्वागत हुआ। यहां से अपनी गाड़ी में सवार होकर वह जमालपुर, तस्वीर महल, सारसौल होते हुए दिल्ली रवाना हो गईं। इस दौरान पूरे रास्ते पुष्प वर्षा, नारेबाजी, तस्वीर भेंट करना चलता रहा। उनके द्वारा महिलाओं व बच्चियों को हैंड बैंड देना चलता रहा।
भीड़ देख दो बार परेशान हुई एसपीजी
ऊपरकोट और दोदपुर में इस कदर भीड़ उमड़ी कि एसपीजी कर्मियों के भी होश फाख्ता हो गए। किसी तरह भीड़ से काफिले को सुरक्षित आगे बढ़ाया गया। मेडिकल रोड तिराहे पर आलम यह रहा कि गाड़ी पर चढ़कर हाथ हिलाती प्रियंका गांधी को देखने के लिए लोग इमारतों, शापिंग कांप्लेक्स, दुकान ही नहीं वहां जाम में फंसे वाहनों पर चढ़कर जवाब में हाथ हिलाकर व जिंदाबाद के नारे लगाकर खुशी का इजहार करते नजर आए। यहां करीब एक घंटे तक उनके स्वागत एवं जय जयकार का दौर चला। मेडिकल रोड पर उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी विवेक बंसल के कार्यालय पर जाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। जकरिया मार्केट में भी उनका काफिला आधे घंटे तक फंसा रहा।
राहुल की शादी में मेकअप कराने का न्योता
साहिबा ब्यूटी पार्लर की संचालिका दीपाली अरोरा का कहना है कि प्रियंका गांधी से मिलकर काफी खुश हूं। पहली बार उनसे मिलने का मौका मिला। उन्होंने हमारे पार्लर में करीब दस मिनट गुजारे। यहां पूरे स्टाफ ने उनके साथ सेल्फी ली। कई महिला ग्राहकों ने भी सेल्फी ली। उनसे मिलकर सब खुश हो गए। मैंने उन्हें अपनी आइब्रो बनवाने के लिए ऑफर किया तो जवाब मिला कि कभी पार्लर नहीं कराया। उन्हें न्योता दिया है कि वे अपने भाई राहुल की शादी में मुझसे मेकअप कराएं।
- उम्मीद भी नहीं थी कि वह हमसे बात करेंगी। लेकिन वह कार से उतरकर सीधे मार्केट में आ गईं। उन्होंने हमसे हाल चाल पूछा और महिला सुरक्षा को लेकर बात की। बाद में उन्होंने हमें हैंड बैंड भी दिया। हमारा समर्थन उनके साथ है। उनसे मिलकर काफी खुश हूं। - मीनू गोयल
- प्रियंका गांधी को देखने ही आए थे। मार्केट से देख रहे थे। तभी वो कार से उतर आईं। पहले तो हाल चाल पूछा। वर्तमान सरकार में महिलाओं की सुरक्षा पर बात की। उनसे मिलकर काफी खुशी हुई। पहली बार मिले थे। बाद में हैंड बैंड भी दिया। - बेबी सक्सेना
रोड शो के दौरान काफी भीड़ थी। सभी प्रियंका गांधी को देखना चाहते थे। उन्होंने पूछा व्यापार कैसा चल रहा है। कोई परेशानी तो नहीं है न आपको। बाद में हाथ हिलाया और समर्थन करने के लिए कहा। - राजीव अरोरा, अरोरा सर्जिकल
छतों से बरसे फूल, मुस्कुराईं प्रियंका
रोड शो के दौरान सड़क के साथ-साथ दुकान व घरों की छतों पर भी लोगों की काफी भीड़ रही। इस दौरान लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। जैसे-जैसे प्रियंका का कारवां आगे बढ़ रहा था लोग छतों से फूलों की बारिश कर रहे थे। इस दौरान प्रियंका गांधी अपने समर्थकों को हाथ हिलाकर इशारा दिया और मुस्कुराती हुई नजर आईं।
राहगीर ने भेंट किया लाल दुपट्टा
रेलवे रोड स्थित इंदिरा मार्केट पर रोड शो के दौरान राहगीर ने उन्हें एक लाल दुपट्टा भेंट किया। उन्होंने तुरंत उसे स्वीकारते हुए अपने गले में डाल लिया। बाद में उसका धन्यवाद अदा किया। रोड शो के दौरान उनके गले में पड़े दो दुपट्टे चर्चा का विषय बना रहा।
रोड शो में बच्चों ने भी भरा जोश
रोड शो के दौरान बच्चे भी टोपी झंडा लेकर शामिल हो गये। इस दौरान बच्चों ने प्रियंका गांधी जिंदाबाद के खूब नारे लगाए। उनका उत्साह देखकर लग रहा था कि वह कितने खुश है। पूरे रोड शो में बच्चों ने नारेबाजी कर जोश भर दिया।
युवाओं में सेल्फी की होड़ मची
रोड शो के दौरान युवाओं में सेल्फी लेने की होड़ रही। हालांकि सुरक्षा कारणों के चलते प्रियंका के नजदीक जाना संभव नहीं था। युवाओं ने रोड पर बने फुटपाथ पर खड़े होकर दूर से ही सेल्फी लेकर काम चलाया। इस दौरान लोगों ने छत पर खड़े होकर वीडियो बनाई। वाहन चालकों ने भी रुक कर उनका फोटो लिया और वीडियो बनाई।
सुरक्षा कारणों के चलते एसपीजी ने कार से उतरने से मना किया
घनी आबादी वाले पुराने शहर में लोगों की भीड़ को देखते हुए एसपीजी ने कांग्रेस महासचिव से कार से उतरने के लिए मना कर दिया। ऊपरकोट के रास्ते पर भीड़ काफी अधिक थी। कई दुकानदारों व पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करने की कोशिश की। लेकिन, भीड़ को देखते हुए एसपीजी ने उन्हें कार से उतरने से मना कर दिया।
एएमयू में नहीं घुसने दिया काफिला, खुद लौटवाया
प्रियंका गांधी का काफिला मेडिकल रोड से मेडिकल के रास्ते एएमयू होकर जमालपुर जाना चाहता था। मगर वहां उन्हें नहीं घुसने दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने यह समझाकर स्टाफ को कहा कि वे यहां से जमालपुर जाना चाहती हैं। मगर प्रियंका ने खुद ही कहा कि वापस लौट लो। फिर धौर्रा के रास्ते वे जमालपुर निकलीं।
गाय को खिलाई रोटी
मेडिकल जाते समय बैंक के पास उन्होंने गाय को रोटी भी खिलाई। जैसे ही उन्होंने देखा कि वहां कई गाय खड़ी हैं, तभी उन्होंने किसी से इशारे में रोटी मंगवाईं और फिर रोटी खिलवाई।
जब पैरों में गिर पड़ी महिला नेत्री तो झल्लाईं
महाजन होटल के पास जब स्वागत हो रहा था, तभी भीड़ में धक्का मुक्की के चलते कांग्रेस नेत्री रेखा शर्मा उनके पैरों में गिर पड़ीं, प्रियंका ने उनको खुद उठाया और कहा कि आप लोग महिला को नहीं देख सकते। उन्हें खुद उठाया और अपने साथ लेकर चल दीं।
शहनाई गेस्ट हाउस में विवेक ने जताया आभार
प्रियंका गांधी का निर्धारित कार्यक्रम रोड शो के बाद मैरिस रोड शहनाई गेस्ट हाउस में विवेक बंसल के समर्थन में सभा करने का था। मगर समय अधिक होने और अनुमति का समय निकल जाने के कारण वे रोड शो समाप्त कर वापस चली गईं। इस दौरान शमशाद मार्केट से ही उन्होंने विवेक बंसल को इशारा किया और विवेक बंसल वहां से चले गए। फिर विवेक बंसल ने शहनाई आकर वहां मौजूद लोगों से आभार जताया। इस दौरान तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।
रामघाट रोड स्थित मंदिर पर मां सरस्वती की पूजा करतीं प्रियंका गांधी।- फोटो : CITY OFFICE
रोड शो के दौरान देहलीगेट में बच्ची के हाथ में बंधा पहनाती प्रियंका गांधी । - फोटो : CITY OFFICE