फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ : आरकेपुरम कॉलोनी में सेवानिवृत्त एबीएसए के घर लूट

विज्ञापन
आरकेपुरम में मीना तोमर के घर पूछताछ करती पुलिस। - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
महानगर के सासनी गेट क्षेत्र की आगरा रोड स्थित आरकेपुरम कॉलोनी में शनिवार सरेशाम सेवानिवृत्त एबीएसए के घर सशस्त्र बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस दौरान बदमाश 32 तोला सोना व नकदी सहित लाखों माल लूट ले गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। खबर पर एसपी सिटी, सीओ प्रथम सहित पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया। खास बात है कि घटना में बेटी के मेरठ निवासी कर्नल दामाद पर वारदात कराने का आरोप लगाते हुए लूट का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच की बात कह रही है।
विज्ञापन

सेवानिवृत्त एबीएसए स्व. कोमल सिंह तोमर का परिवार राठी हॉस्पिटल के पीछे आरकेपुरम कॉलोनी में रहता है। घर में मीना सिंह, बेटा नितेश तोमर, छोटी बेटी मेघा के अलावा विवाहित बेटी नेहा व उसका 7 वर्षीय बेटा केशव भी रहता है। बड़ी बेटी का अपने मेरठ निवासी कर्नल पति कुलदीप सिंह से कई वर्ष से विवाद चल रहा है। इसलिए वह यहां रहती है। नितेश सिविल सर्विस की परीक्षा देने प्रयागराज गया हुआ है। वाकये के अनुसार शाम करीब सात बजे नेहा प्रेस वाले की दुकान से कपड़े लेने घर से बाहर गई थी। उस दौरान कॉलोनी का ही रहने वाला ट्यूटर केशव को पढ़ा रहा था। जैसे ही नेहा लौटी तो उसके पीछे-पीछे बदमाश घर में घुस आए और तमंचे व चाकू आदि के बल पर परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया। वहीं ट्यूटर को एक बदमाश तमंचा ताने अपने कब्जे में लिए रहा। इस दौरान बदमाशों ने महिलाओं से अलमारी की चाभियां भी ले लीं और घर के अंदर तलाशी लेते हुए अलमारी से जेवरात आदि निकालते रहे। इसी बीच दरवाजे पर दूध वाले युवक ने दस्तक दी तो बदमाशों ने उसे भी अंदर लेकर रसोई में बंद कर दिया।
इसके बाद 20 से 30 मिनट तक घर के अंदर रुककर 32 तोला सोना व एक लाख नकदी लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने पर ट्यूटर के शोर पर मोहल्ले के लोग एकत्रित हुए और खबर पर इंस्पेक्टर सासनी गेट के अलावा एसपी सिटी, सीओ प्रथम आदि पहुंच गए। घंटों तक जांच पड़ताल की जाती रही। नेहा की ओर से अपने पति कुलदीप पर वारदात कराने का संदेह जताते हुए तहरीर दी गई है, जिसमें लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

मौखिक बताए छह बदमाश, तहरीर में नहीं खोली संख्या
वारदात की खबर के बाद मौके पर जब पुलिस व मीडियाकर्मी पहुंचे तो मौखिक तौर पर पीड़ित परिवार ने बदमाशों की संख्या छह बताई है। परिवार ने बताया था कि चार बदमाश घर के अंदर घुसकर लूट कर रहे थे, जबकि दो घर की लॉबी में बाहर निगरानी कर रहे थे। मगर तहरीर में बदमाशों की संख्या नहीं खोली गई है। जिसके आधार पर पुलिस ने वारदात डकैती की धाराओं के बजाय घर में घुसकर लूट की धारा में दर्ज की है।
किस भाई का था आदेश
बेटी नेहा व मेघा ने बताया कि बदमाशों ने घर में घुसकर जब हम सभी को एक साथ खड़ा किया तो एक ही बात कही। हमें हमारे भाई का आदेश मिला है। ये वारदात करनी है। आप लोग सहयोग करो। हमें तुमसे कोई मतलब नहीं, माल लेकर जाना है। इस पर सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर किस भाई का आदेश था। परिवार इस आदेश को कर्नल दामाद का आदेश मान रहा है।
बच्चे के बैग में ले गए लूट का माल
बदमाश लूट के बाद सात साल के केशव के स्कूल बैग में लूट का माल लेकर गए। बच्चा यह देख चिल्लाने लगा कि यह उसके स्कूल का बैग है। इसे मत ले जाओ। मगर बदमाशों ने एक न सुनी और वे माल लेकर तेजी से भाग गए।
बेटे को नहीं दी खबर
घर की मुखिया मीना सिंह के अनुसार इस घटना की खबर बेटे को नहीं दी गई है। वह परीक्षा देने गया है। इसलिए यह खबर नहीं दी है। अगर उसे खबर दे दी तो वह परेशान हो जाएगा। इसका परीक्षा पर असर पड़ेगा।
नई उम्र के थे बदमाश, हाथ में थी कार की चाभी
बदमाशों की उम्र 20 से 30 वर्ष उम्र की बताई गई है। उनके कंधों पर बैग टंगे थे। वे किसी कॉलेज के स्टूडेंट लग रहे थे। उनमें से एक किसी को फोन पर लगातार वारदात की खबर दे रहा था। एक के हाथ में कार की रिमोट चाभी भी लगी थी।
- आरकेपुरम कॉलोनी में हुई वारदात में पीड़ित परिवार की ओर से जो तहरीर दी गई है, उसमें लद्दाख में तैनात मेरठ निवासी दामाद पर वारदात कराने का आरोप है। मौखिक तौर पर जरूर बदमाशों की संख्या छह बताई थी। तहरीर के आधार पर लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी के अलावा दामाद से जुड़े विवाद व अन्य सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
विज्ञापन

- राघवेंद्र सिंह, सीओ प्रथम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें