छर्रा-कासगंज मार्ग से गांव नगला धनसारी तक डेढ़ किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग पर करीब 500 मीटर डामरीकृत सड़क मंगलवार को बनी थी। लेकिन बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा तो बंबा की पुलिया के पास सड़क का काफी हिस्सा उखड़ा हुआ था। एक दिन में ही सड़क उखड़ने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
करीब 700 की आबादी वाले गांव नगला धनसारी के डेढ़ किलोमीटर लंबे रास्ते पर अभी तक खड़ंजा था, जिसकी ईंटें टूट चुकी थी। जर्जर रास्ते पर आवागमन में ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी हो रही थी। प्रशासन और शासन तक सड़क निर्माण की तमाम गुहार लगाने के बाद इस संपर्क मार्ग के डामरीकरण का प्रस्ताव पास हुआ था।
लोक निर्माण की ओर से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को धनसारी बंबा पुल के पास तक सड़क का निर्माण करवाया गया था, लेकिन उसमें घटिया सामग्री का उपयोग हुआ, जिससे सड़क एक दिन में ही उखड़ गई।
गांव नगला धनसारी निवासी चंद्रपाल सिंह लोधी ने बताया कि पुल के पास दो रास्ते हैं, जिनमें एक रास्ता नगला धनसारी और दूसरा धनसारी को जाता है। नगला धनसारी की सड़क बन रही है, जबकि बंबा के पास से धनसारी की सड़क की मरम्मत का काम हो रहा है। धनसारी की सड़क में टेपिंग काम सही तरह से नहीं किया गया, जिससे वह भी उखड़ गई है।
प्रदर्शन करने वालों में ईसुब खां, संजीव कुमार, भीकम सिंह, रजनेश कुमार, विकास कुमार, लोकेश मिस्त्री, आसिफ अली, सतीश चंद्र, संजीव कुमार, धर्मेंद्र कुमार, मुंशीलाल, सर्वेश कुमार, प्रवीन कुमार आदि शामिल रहे।
ढलान पर मिट्टी का भराव कम होने से उखड़ी सड़क-ठेकेठार
सड़क का निर्माण करा रहे ठेकेदार महेश लोधी ने बताया कि बंबा की पुलिया के पास ढलान है। वहां पर मिट्टी कम पड़ी थी। मंगलवार को ही सड़क बनी थी। रात में कोई ट्रैक्टर उसमें से निकला है। ढलान पर मिट्टी कम होने के कारण ट्रैक्टर के दबाव से सड़क उखड़ी है। दोबारा से मिट्टी का समुचित भराव कराकर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।