थाना गांधी पार्क इलाके में मजदूरों को ले जा रहा एक ट्रॉला शुक्रवार तड़के तीन बजे भदेसी के पास चालक की आंख लगने से सड़क के नीचे गहराई में खेत में पलट गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 23 मजदूर घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां पर सभी की हालत खतरे से बाहर है। हादसे के बाद ट्रॉला चालक फरार है।
शुक्रवार की तड़के तीन बजे फरीदाबाद से ट्रैक्टर लादकर एक ट्रॉला (लंबा मालवाहक 24 पहिए) कानपुर की ओर जा रहा था। इसके पिछले हिस्से में 24 मजदूर सवार थे। यह लोग फरीदाबाद से उन्नाव के पास बांगरमऊ इलाके में जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की तड़के करीब तीन बजे ट्रॉला के ड्राइवर को झपकी लग गई। जिसके बाद ट्रॉला हाईवे की रेलिंग को तोड़ता हुआ कई फीट नीचे खेतों में पलट गया। ट्रॉला पलटने से उस पर सवार मजदूर घायल हो गए। सूचना पर गांधी पार्क, मडराक, क्वार्सी थानों के प्रभारी पुलिस बल, एंबुलेंस, क्रेन आदि के साथ पहुंच गए।
घायलों को पहले मलखान सिंह जिला अस्पताल लाया गया। दबे हुए मजदूरों को क्रेन की मदद से ट्रॉला को हटाकर मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। घायलों में एक परिवार के 10 बच्चे, तीन महिला, दो पुरुष शामिल हैं। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शिवपाल (55) निवासी बांगरमऊ, उन्नाव की मौत हो गई। 9 मई को शिवपाल की भांजी शिवानी का तिलक समारोह होना है।
यह हैं घायल
सुशील (25), रेशू (13), कोमल (12), अनुराग (8), सुरजीत (8), हरकिशन (5), राम विलास (40), मोनिका (4), शांति (30), हरिराम (30), शांति (28), श्रीपाल (45), राम नरेश (35), सीमा (40), शिवा (14), गया प्रसाद (40), सोहन लाल (50), कोमल (8), संदीप (13), सुशीला (21), मोहित (14), शिवानी (18) शामिल हैं।
मृतक की भांजी का 9 मई को तिलक समारोह
थाना गांधी पार्क इलाके में शुक्रवार तड़के तीन बजे भदेसी के पास ट्रौला दुर्घटना का एक दुखद पहलू यह है कि घटना में मारे गए एक व्यक्ति शिवपाल की भांजी शिवानी का तिलक समारोह 9 मई को है। उसका पिता फरीदाबाद में टैक्सी चलाता है। वहां से शादी का सामान खरीद कर शिवानी का पिता अपनी पत्नी और दो छोटे बेटों को लेकर गांव जा रहा था। शिवानी के माता पिता भी जख्मी हैं। शिवानी का रो रोकर बुरा हाल है। उसके तिलक समारोह का सारा सामान बर्बाद हो गया है। उसकी चिंता अब यही है कि सारे सामान का कैसे इंतजाम होगा।
‘जो घायल हैं पुलिस ने उनके परिवार वालों को सूचना देकर यहां पर बुलवाया है। एक्सीडेंट के बाद ट्रॉला का चालक लापता है। उसे तलाश रहे हैं। उसके मालिक को भी खबर दे दी गई है। सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है।’
- धीरेंद्र मोहन, थाना प्रभारी गांधी पार्क