गुरुवार को अपराह्न करीब 3 बजे छर्रा क्षेत्र के गांव सलगवां मोड़ पर साइकिल सवार भाई-बहन को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में भाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बहन घायल हो गई। हादसा होते ही समीप खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। उधर खबर पाकर मृतक के परिवार के साथ पहुंचे गांव वालों ने पुलिस से छुड़ाकर ट्रैक्टर चालक की पिटाई की। उसे बचाने की कोशिश में पुलिस वालों के साथ भी ग्रामीणों की हाथापाई हुई। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रही और वाहन फंसे रहे।
गांव सिरौली निवासी 14 वर्षीय गुलशन पुत्र ब्रजलाल गुरुवार की दोपहर अपनी 24 वर्षीय बहन आशा को गांव भीकनपुर में दवा दिलाने ले गया था। अपराह्न करीब 3 बजे दवा दिलाकर साइकिल से भाई-बहन गांव से लौट रहे थे। सलगवां मोड़ के समीप ट्रैक्टर की टक्कर ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आने से गुलशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशा घायल हो गई। हादसा होते ही खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने चालक समेत ट्रैक्टर पकड़ लिया।
उधर किशोर की मौत से गुस्साए परिवार वालों ने छर्रा-सांकरा मार्ग जाम कर दिया। हादसे व जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर व चालक को अपनी कस्टडी में ले लिया लेकिन ग्रामीणों ने चालक को पुलिस की गाड़ी से खींच लिया और मारपीट की। इस बीच ग्रामीणों की पुलिस से भी हाथापाई हुई। पुलिस वालों ने बमुश्किल चालक को छुड़ाया।
समझाने के बावजूद जाम न खोलने और ग्रामीणों का आक्रोश देखते हुए पुलिस वालों ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी जिस पर सीओ बरला देवी गुलाम समेत बरला, गंगीरी, दादों कोतवाली की पुलिस पहुंच गई। अधिकारियों के समझाने पर करीब दो घंटे बाद जाम खुला। घायल आशा को छर्रा सीएचसी भेजा गया। मृतक के पिता ब्रजलाल ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर दी है।