मृतक ताज मोहम्मद की मां विलाप करती।
- फोटो : CITY OFFICE
देहली गेट थाना क्षेत्र के मथुरा बाईपास पर शाहपुर कुतुब के पास रविवार सुबह एक टैंकर की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। उनके साथ दूसरी बाइक पर चल रहे दो साथी बाल-बाल बच गए। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इधर, हादसे के बाद टैंकर चालक फरार हो गया।
ताज मोहम्मद (36) पुत्र कमरुद्दीन निवासी जलालपुर, देहली गेट अपने भांजे बबलू (32) पुत्र मुन्ने खां निवासी नीवरी व दोस्त फारूख और असलम के साथ भुजपुरा निवासी बहन मदीना के घर पर गया था। लौटते समय बबलू और ताज मोहम्मद एक बाइक पर थे। फारूख व असलम दूसरी बाइक पर थे। शाहपुर कुतुब के पास मथुरा बाईपास पर पीछे से आते तेज रफ्तार टैंकर ने ताज मोहम्मद की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह टैंकर के नीचे आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर चल रहे फारूख और असलम की बाइक भी गिर पड़ी और दोनों मामूली चोटिल हो गए। राहगीरों ने पीछा किया। मगर, वह टैंकर चालक को पकड़ न सके।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। खबर पर परिवार वाले भी आ गए। परिवारीजनों ने बताया कि ताज मोहम्मद एक निजी फैक्टरी में काम करता था। परिवार में तीन बच्चे और पत्नी समीम है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इंस्पेक्टर देहली गेट धीरेंद्र मोहन शर्मा के मुताबिक अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ परिवारीजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।