राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय प्रशासन ने सम सेमेस्टर परीक्षाओं में नकल और अनियमितताओं के मामले में सात महाविद्यालयों को डिबार कर दिया है। साथ ही 25 महाविद्यालयों को अंतिम चेतावनी जारी की गई है।
कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित परीक्षा समिति की बैठक में यह सख्त फैसला लिया गया। विश्वविद्यालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार कई परीक्षा केंद्रों पर बार-बार चेतावनी के बावजूद नकल रोकने के प्रभावी उपाय लागू नहीं किए गए।
कहीं परीक्षार्थियों को पर्ची रखवाकर नकल कराई गई तो कहीं कक्ष में बोल-बोलकर उत्तर बताए गए। कुछ केंद्रों पर छात्र मोबाइल फोन लेकर परीक्षा देते पाए गए। परीक्षा समिति ने इसे परीक्षा की शुचिता भंग करने वाला गंभीर मामला मानते हुए कार्रवाई की।
परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा समिति ने साफ कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी निगरानी, सख्त तलाशी, बायोमीट्रिक उपस्थिति और अनुशासनात्मक मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 25 महाविद्यालयों को दो बार नोटिस दिए जा चुके हैं। अब इनके बारे में अगली बार परीक्षा केंद्र निर्धारण करने के दौरान इस पर संज्ञान लिया जाएगा।
इन कॉलेजों पर गिरी गाज :
एचएलजी गर्ल्स डिग्री कॉलेज हरदुआगंज, अलीगढ़ में परीक्षार्थियों को पर्ची रखवाकर नकल कराने का मामला सामने आया। कॉलेज को एक वर्ष के लिए डिबार किया गया है। संबंधित छात्र पर यूएफएम की कार्रवाई और शिक्षक के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
दीनबंधु दीनानाथ कॉलेज अलीगंज एटा और डॉ. राम कुमार गायत्री देवी महाविद्यालय राजा का रामपुर एटा में परीक्षा कक्ष में बोल-बोलकर नकल कराने की शिकायत सही पाई गई। दोनों संस्थानों को तीन वर्ष के लिए डिबार किया गया है। संबंधित प्रश्नपत्र निरस्त कर अगले सत्र में बैक परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।
पुष्पा देवी गर्ल्स कॉलेज गांधी मार्केट एटा में परीक्षार्थियों के दो समूह बनाकर नकल कराने का मामला सामने आने पर कॉलेज को एक वर्ष के लिए डिबार कर दिया गया। रामश्री शिक्षा महिला महाविद्यालय महाराणा प्रताप नगर एटा में परीक्षार्थी मोबाइल फोन के साथ परीक्षा देते पाए गए। कॉलेज को एक वर्ष के लिए डिबार करते हुए संबंधित प्रश्नपत्र निरस्त कर अगले सत्र में बैक परीक्षा कराने का फैसला लिया गया।
चौधरी बदन सिंह कन्या महाविद्यालय साकेत एटा और श्री रघुवीर सिंह यादव महाविद्यालय नगला धमाल पटियाली कासगंज में भी परीक्षार्थी मोबाइल फोन के साथ पकड़े गए। दोनों कॉलेजों को एक सेमेस्टर के लिए डिबार किया गया है।