राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) के स्नातक पाठ्यक्रम प्रथम सेमेस्टर की पढ़ाई एक सितंबर से शुरू होगी। इसके आदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों को दे दिए गए हैं। तृतीय सेमेस्टर का शिक्षण कार्य पांच सितंबर से शुरू होगा। विश्वविद्यालय के कुलसचिव महेश कुमार ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2022-23 की पढ़ाई के लिए महाविद्यालयों में तैयारियां पूरी हो गईं हैं।
अबेकस-यूपी का डाटा पोर्टल पर करें अपलोड
आरएमपीयू से संबद्ध महाविद्यालयों के अबेकस-यूपी का डाटा विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपलोड करने के आदेश दिए गए हैं। इस बारे में कुलसचिव ने कहा है कि संबद्ध महाविद्यालयों का नाम अभी भी डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के पोर्टल पर प्रदर्शित हो रहा है। ऐसे महाविद्यालय अबेकस-यूपी का डाटा डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय के पोर्टल पर ही अपलोड करें। डाटा अपलोड होने के बाद वह आरएमपीयू के पोर्टल पर स्वत: हस्तांतरित हो जाएगा। आरएमपीयू से संबद्ध महाविद्यालयों का डाटा इसी विश्वविद्यालय के पोर्टल पर प्रदर्शित हो रहा है, तो महाविद्यालयों के प्राचार्य महाविद्यालय में कार्यरत शिक्षक और अध्ययनरत विद्यार्थियों का डाटा 31 अगस्त तक अपलोड कर दें।
आरएमपीयू में मनाया जाएगा शिक्षक पर्व
आरएमपीयू से संबद्ध महाविद्यालयों पांच सितंबर से नौ सितंबर तक शिक्षक पर्व मनाया जाएगा। विवि के कुलसचिव महेश कुमार ने बताया कि इस अवधि में महाविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम होने हैं। इन कार्यक्रमों को ट्विटर, यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, आदि के वीडियो यूजीसी विश्वविद्यालय गतिविधि निगरानी पोर्टल htts://uamp.ugc.ac.in/ पर 12 सितंबर तक संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों को अपलोड करना होगा।