रालोद विधान मंडल दल के नेता ठा. दलवीर सिंह ने विधान सभा में बजट पर चर्चा के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री से अलीगढ़ में राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए वर्तमान बजट में पैसा का प्रावधान करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि आगरा विश्वविद्यालय पर काम का अधिक दबाव है, जिससे छात्रों की समय पर परीक्षा नहीं हो पाती है।
छात्र सालों से विश्वविद्यालय स्थापना की मांग कर रहे है। पुलिस ने छात्रों पर दर्ज किए गए मुकदमे वापस की भी मांग सदन में रखी। गुरुवार को मुख्यमंत्री बजट पर सरकार का पक्ष सदन में रखेंगे। उन्हें उम्मीद हैं कि मुख्यमंत्री अलीगढ़ में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए बजट की घोषणा करेंगे। उन्होंने किसानों की समस्या को उठाते हुए सरकार को बताया कि वर्तमान में गर्मी का मौसम हो जाने के कारण गेंहू की पैदावार कम होने की उम्मीद है।
फसल उगाने में किसानों को गत वर्षों की अपेक्षा अधिक लागत आ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से गेंहू क्रय मूल्य पर 300 रुपये प्रति कुंतल बोनस देने और निजी नलकूपों का एक साल का बिजली बिल माफ करने की मांग की। विधान मंडल दल के नेता ठा. दलवीर सिंह आम आदमी बीमा योजना के संबंध में सरकार को बताया कि इस योजना के अंतर्गत नामित व्यक्तियों को पता ही नहीं होता कि उनका नाम इस योजना में शामिल है।
दुर्घटना हो जाने पर भूमिहीन मजदूर के परिवारीजनों को इसका लाभ नहीं मिल पाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से नामित भूमिहीन किसानों को बीमा कार्ड उपलब्ध कराने की मांग भी की।