इगलास उपचुनाव को हर कीमत पर जीतने में लगी रालोद ने ऐन वक्त पर प्रत्याशी बदल दिया है। मुकेश धनगर की जगह अब सुमन दिवाकर पर दांव लगाया गया है ताकि चुनाव को बाहरी बनाम स्थानीय बना कर सियासी गणित पलटा जा सके।
सुमन दिवाकर वर्तमान में इगलास के तोछीगढ़ से जिला पंचायत सदस्य हैं। उनकी सास तोछीगढ़ की प्रधान रही हैं। ससुर पुलिस से रिटायर एसआई हैं, जबकि पति कुछ दिनों तक भाजपा में सक्रिय रहे थे। पति का निधन हो चुका है। सुमन ने वर्ष 2017 में भी रालोद से टिकट मांगा था, लेकिन उस वक्त सुलेखा चौधरी को मौका मिला था, जो तीसरे नंबर पर रही थीं।
रालोद मीडिया प्रभारी जावेद खान ने बताया कि रविवार शाम को प्रत्याशी बदला गया है। रालोद प्रदेश अध्यक्ष मसूद अहमद ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित सिंह और उपाध्यक्ष जयंत चौधरी की सहमति से प्रत्याशी मुकेश धनगर को हटा कर जिला पंचायत सदस्य सुमन दिवाकर को प्रत्याशी बनाया है।
प्रदेश अध्यक्ष सुमन दिवाकर का नामांकन कराने आएंगे। सोमवार को उनका नामांकन होगा। मुकेश धनगर ने बताया है कि उनकी हाईस्कूल की मार्कशीट में त्रुटि होने के कारण उनको फार्म बी नहीं मिल सका था इसलिए सुमन का नामांकन कराया जाएगा।
सपा ने रालोद को दिया समर्थन
लंबी प्रतीक्षा के बाद समाजवादी पार्टी ने इगलास विधानसभा उपचुनाव को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि पार्टी ने इस उपचुनाव में रालोद का समर्थन कर दिया है। रालोद प्रत्याशी सुमन दिवाकर के समर्थन में सपाई सोमवार को नामांकन जुलूस में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने यह निर्णय लेकर हमें अवगत कराया है। प्रदेश की बाकी सीटों पर समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, सिर्फ इगलास पर रालोद को समर्थन का निर्णय लिया गया है।