विश्वकप जीतकर घर पहुंचे रिंकू सिंह, 27 घंटे परिवार संग बिताए
टी-20 विश्वकप जीतने के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह पहली बार अपने घर अलीगढ़ पहुंचे। उन्होंने करीब 27 घंटे परिवार के साथ बिताए। इस दौरान रिंकू पिता को याद करते हुए भावुक नजर आए।
मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे घर पहुंचते ही रिंकू सिंह ने सबसे पहले अपनी मां बीना देवी के चरण स्पर्श किए। मां ने बेटे के सिर पर हाथ रखकर उसे खूब नाम कमाने और आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। इसके बाद उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों से मुलाकात की और काफी देर तक बातचीत की।
रिंकू सिंह ने सभी को मिलजुलकर रहने और एक-दूसरे का साथ देने की बात कही। उनकी सादगी और अपनापन देखकर परिवार के लोग भी भावुक हो गए। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे रिंकू सिंह ने घर के बड़ों से आशीर्वाद लिया और छोटों को प्यार देकर नोएडा के लिए रवाना हो गए। अब वह आईपीएल के बाद घर लौटेंगे।