महानगर में गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार दोपहर युवाओं द्वारा निकाली जा रही बाइक रैली में टशन में की गई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक युवक जख्मी हो गया, जबकि छर्रे लगने से कई अन्य युवक मामूली जख्मी हुए हैं। घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इस मामले में किसी पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। जैसे ही यह खबर वायरल हुई तो पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के कासगंज की घटना के मद्देनजर हाथ पांव फूल गए और शहर में अन्य स्थानों पर निकल रही तिरंगा यात्रा आदि को कड़ी सुरक्षा में लेकर समापन कराया गया।
शुक्रवार को करीब दो दर्जन बाइक सवार युवक सासनी गेट से तिरंगे झंडे लेकर दोपहर करीब 11 बजे बाइक रैली निकाल रहे थे। लौटते में मीनाक्षी पुल पार करते हुए जैसे ही दुबे पड़ाव के पास पहुंची, तभी अचानक इसमें शामिल किसी युवक ने तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली सासनी गेट क्षेत्र के आरके पुरम निवासी कपेश उर्फ कपिल शर्मा पुत्र ज्वाला प्रसाद शर्मा के दाएं पैर को छूती हुई निकल गई, जबकि दूसरी गोली उसके दाएं पैर में जा धंसी।
इसके अलावा पहली गोली के छर्रे से कपिल के पास खड़े अन्य युवक मामूली रूप से जख्मी हो गए। यह देख अन्य युवक तो बाइक लेकर भाग गए, जबकि कपिल वहीं गिर गया, जिसे दुबे पड़ाव चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने एक अन्य युवक की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। यह युवक किरावली से बीएड कर रहा है, जबकि इसका अपने इलाके में एक विद्यालय भी चलता है।
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर गांधीपार्क रविंद्र सिंह भी पहुंच गए। एसएसपी राजेश पांडेय के अनुसार मामले में किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, मगर इन युवकों को चिह्नित किया जा रहा है। इन पर धारा 144 के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की जाएगी। घायल युवक से भी नाम पता किए जाएंगे।