गणतंत्र दिवस को लेकर शहर में सुरक्षा के भी प्रबंध किए गए हैं। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों व संवेदनशील बिंदुओं पर पुलिस बल की तैनाती के साथ सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है। सीसीटीवी से शहर में मॉनीटरिंग की व्यवस्था है। सेक्टर स्कीम लागू कर शहर को नौ सेक्टरों में बांटा गया है। सभी जगहों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारी लगाए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील दृष्टि से पुराने व नए शहर के होटलों, आउट स्कर्ट वाले इलाकों में निगरानी रखी जाएगी।
जिला पुलिस पर होगी पदकों की बारिश
गणतंत्र दिवस पर नई पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में पुलिस पर पदकों की बारिश होगी। इसे लेकर जिला स्तर को 11 पदकों की घोषणा डीजीपी स्तर से की गई है, जबकि जिला स्तर पर पुरस्कार अलग से वितरित किए जाएंगे। डीजीपी स्तर से हुई घोषणा के अनुसार शौर्य के लिए सराहनीय व उत्कृष्ट सेवा पदक से आरक्षी देव दीक्षित, सेवा के लिए सराहनीय व उत्कृष्ट सेवा पदक से लिपिक निरीक्षक शुजात अली, निरीक्षक प्रमोद मलिक, पीएसी 45 से राजेश जौहरी, जिला पुलिस के एसआई आदेश कुमार, एचसी चालक रामदस के नाम की घोषणा की गई है। वहीं, सेवा के लिए रजत पदक से एसआई सुरेंद्र पाल शर्मा, एसआई रमाकांत शर्मा व एचसी सत्येंद्र पाल सिंह के नाम की घोषणा की गई है। शौर्य के लिए रजत पदक के लिए निरीक्षक हरिभान सिंह राठौर व एसओजी के एचसी शीलेश कुमार की घोषणा की गई है। वहीं शौर्य के लिए सराहनीय पदक से आरक्षी देव दीक्षित को नवाजा जाएगा। यहां प्रदेश सरकार के मंत्री संदीप सिंह अतिथि होंगे, जबकि डीआईजी प्रभाकर चौधरी सहित जिले भर के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
जोन-सेक्टर व्यवस्था
- शहर के तीनों सर्किल को जोन के रूप में बांटा गया
- शहर के सभी नौ थानों को सेक्टर के रूप में बांटा है
- जोन पर सिटी मजिस्ट्रेट व एसीएम प्रभारी बनाए गए
- सेटरों पर विभिन्न महकमों के अधिकारी प्रभारी बनाए
- प्रत्येक अधिकारी के साथ एक पुलिस अधिकारी भी