शकुंतला भारती ने भजन ‘ओ मैंने तेरे ही भरोसे मेरी मां, सागर में नैया डाल दई’ से बांधा समां
अलीगढ़। इंद्रा नगर स्थित नंदन वन गेस्ट हाउस में मंगलवार को नवरात्रि फलाहार समिति के तत्वावधान में मां भगवती की भव्य एवं दिव्य चौकी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गेस्ट हाउस को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां भगवती के जयकारे लगाए और भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक मोहित कुमार ने मां भगवती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर चौकी का शुभारंभ किया और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। पंडित लोकेश शास्त्री ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।
शकुंतला भारती ने ‘ओ मैंने तेरे ही भरोसे मेरी मां, सागर में नैया डाल दई’ भजन प्रस्तुत कर समां बांध दिया। वहीं सीमा वार्ष्णेय ने ‘ओ रण में कूद पड़ी मां काली’, दीपक साईं ने ‘हेलो कौन, शेरावाली मां’, प्रेमलता ने ‘मां हमें तेरी जरूरत है’ तथा कान्हा ने ‘लगवा दे मैया लॉटरी दस करोड़ की’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में लड्डू गोपाल एवं मां काली के आकर्षक स्वरूप भी सजाए गए, जिन्हें देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आयोजन के दौरान भक्तों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजेंद्र शर्मा, जीतू वार्ष्णेय, प्रमोद सिंघल, दीपक साईं, करण माहौर, सतीश माहौर, राजू बिल्ला, महेश सक्सेना, संजीव चाबी, राजा, सूरज माहौर, टीटू भाई, लोकेश वार्ष्णेय, काजल, मुस्कान, कौर, अंजली एवं रविंद्र कौर सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।