ताला नगरी स्थित ऑक्सीजन प्लाट का निरीक्षण करते सांसद सतीश गौतम।
- फोटो : CITY OFFICE
मेडिकल ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती मरीजों के लिए शनिवार का सूरज राहत लेकर आया। जिले को 10 टन मेडिकल ऑक्सीजन मिली। मोदी नगर स्थित आइनॉक्स फर्म के प्लांट से यह गैस आपूर्ति की गई। इसके अलावा, फर्म ने प्रतिदिन करीब पांच टन गैस अलीगढ़ को उपलब्ध कराने की हामी भरी है। यदि ऐसा हुआ तो जिले में ऑक्सीजन की किल्लत नहीं होगी। इसके पीछे ड्रग इंस्पेक्टर हेमेंद्र चौधरी की मेहनत रंग लाई।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर शुक्रवार दोपहर एक बजे मोदी नगर पहुंचे। वह सीधे आइनॉक्स फर्म के कार्यालय पर गए। आइनॉक्स देश में कुल ऑक्सीजन खपत के सापेक्ष 50 प्रतिशत का उत्पादन करती है।
बताते हैं कि काफी मान-मनौव्वल के बाद फर्म के अधिकारी गैस आपूर्ति के लिए तैयार हुए। इसके बाद 10 टन ऑक्सीजन की आपूर्ति की मंजूरी शनिवार सुबह 4 बजे मिली। मंजूरी मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर टैंकर लेकर वहां से निकले। सुबह 9 बजे वह अलीगढ़ पहुंचे। यहां जरूरत के हिसाब से सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों को ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई।
ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि फर्म ने पांच टन गैस प्रतिदिन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। अगर, ऐसा रहा तो जिले में ऑक्सीजन की किल्लत नहीं होगी। दरअसल, कासिमपुर स्थित राधा इंडस्ट्रियल गैस (प्रोडक्शन यूनिट) है। इसकी क्षमता प्रतिदिन की 2 से 2.5 टन की है। यह सिर्फ अलीगढ़ को ही सप्लाई दे रहा है। जिला अस्पताल में 50 बेड का कोविड अस्पताल बनाया गया है। उक्त बेड पर ऑक्सीजन की सप्लाई अस्पताल के ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट से हो रही है।