लखनऊ में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा अलीगढ़ का नाम लिए जाने से उद्यमियों का उत्साह सातवें आसमान पर है। उन्हें लग रहा है कि देश के शीर्ष नेताओं एवं योजनाकारों की नजर में अलीगढ़ है और इसका लाभ उसे मिलेगा।
दो दिवसीय इन्वेस्टर समिट का गुरुवार को समापन हो गया। समापन समारोह में राष्ट्रपति ने अपने संबोधन के दौरान अलीगढ़ के ताले का जिक्र किया। बुधवार को उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अलीगढ़ का नाम लिया था। जिन 11 शहरों से जल्द घरेलू हवाई सेवाएं शुरू की जानी हैं, उसमें अलीगढ़ भी शामिल है। बीस हजार करोड़ के डिफेंस इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉरिडोर में अलीगढ़ को शामिल करने से भविष्य में रोजी-रोजगार एवं खुशहाली के द्वार खुलने की उम्मीद लगाई जा रही है। उद्यमी पवन खंडेलवाल कहते हैं कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी समापन समारोह में अलीगढ़ के ताले का जिक्र किया। उन्हाेंने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट से प्रदेश में नया माहौल बना है और इसका लाभ यहां के उद्यमियों एवं नवजवानों को मिलेगा।
सांसद सतीश कुमार गौतम एवं भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संदीप चाणक्य कहते हैं कि मुख्यमंत्री योगी ने ऐतिहासिक कार्य किया है। 4 लाख 28 हजार करोड़ रुपये के निवेश पर उद्योगपतियों ने साइन किए हैं। यह उन लोगों के मुंह पर तमाचा है, जो बजट के दौरान कह रहे थे कि मुख्यमंत्री इतने बजट के लिए पैसे कैसे जुटाएंगे। सांसद सतीश गौतम ने कहा कि प्रदेश में निवेश से करीब 40 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। जल्द ही इसका सकारात्मक असर दिखाई देगा। उद्योग विभाग के अधिकारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि जिले में करीब 1100 करोड़ रुपये के निवेश पर करार हुआ है। यूपीएसआईडीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक टीके राय का कहना है कि उनके ऑफिस से मंडल में निवेश के लिए करीब 800 करोड़ के प्रस्ताव गए हैं। समिट में अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम, शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, शहर विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पाराशर, संदीप चाणक्य, अंशुल गुप्ता आदि भी शामिल हुए।
प्रभारी मंत्री ने दिया था अंबानी-अडानी के निवेश का संकेत
अलीगढ़ के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने 20 जनवरी को साफ-साफ संकेत दिया था कि उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए अंबानी, अडानी एवं बिड़ला आदि जैसी दुनिया की दिग्गज कंपनी इच्छुक हैं। 21 जनवरी के अंक में अमर उजाला में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में करीब पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं और निवेश के बाद बीस लाख युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
समिट के बहाने नेताओं से भी मुलाकात
लखनऊ में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में प्रधानमंत्री सहित प्रदेश के तमाम बड़े नेता शामिल हुए थे। स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रमुख नेता समिट में शामिल होने लखनऊ गए थे। नगर विधायक संजीव राजा, अनिल पाराशर एवं संदीप चाणक्य आदि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, स्वाती सिंह सहित अन्य नेताओं से मिले।