जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने रविवार को हुए प्रकरण के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए साफ कहा है कि पुलिस प्रशासन अमन पसंद लोगों के साथ है। शहर में तनाव की स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट लागू किया जा रहा है। भ्रामक सूचनाएं फैलाने वाले और अराजकता फैलाने वाले पर रासुका लगाया जाएगा। वहीं तनावपूर्ण माहौल से निपटने के लिए डीएम ने अन्य जिलों से फोर्स बुलवाई है। अधिकारियों में उन लोगों को बुलाया जा रहा है, जो पहले अलीगढ़ में तैनात रह चुके हैं।
डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी धर्म या जाति विशेष को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी न करें। अगर भ्रामक सूचनाएं फैलाई गईं तो कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है। इसके लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की जा रही है। यह पुलिस फोर्स मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में शहर के हालात संभालेंगे। इस मामले में एडीएम सिटी राकेश मालपाणी ने मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों को तैनात कर दिया है। उन्होंने विशेष पुलिसबल को भ्रमण करने और संवेदनशील क्षेत्रों में हालात पर नजर रखने के निर्देश भी दिए हैं। हालात को संभालने के लिए एटा, कासगंज, हाथरस, मथुरा, आगरा से फोर्स को बुलवाया गया है। इसके अलावा जिले में तैनात रह चुके अधिकारियों को भी बुलाया जा रहा है ताकि हालात समझने में फोर्स को देर न लगे।
रेलवे स्टेशन पर अलर्ट, बाहर से बुलाया फोर्स
अलीगढ़। शहर में हालात बिगड़ने की खबर स्थानीय रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स और जीआरपी ने अपने अपने उच्च अधिकारियों को भी दी जिसके बाद शाम को ही अलीगढ़ स्टेशन की सुरक्षा हाई अलर्ट के मानकों के अनुसार कर दी गई। जीआरपी में आगरा अनुभाग से 50 अतिरिक्त पुलिस कर्मी भेजे गए हैं। आरपीएफ को आरपीएसएफ के 35 जवानों के दो सेक्शन दिए गए हैं। अब स्टेशन पर चौबीस घंटे के चक्र में दो सौ जवानों की तैनाती रहेगी। आरपीएफ इंस्पेक्टर और जीआरपी इंस्पेक्टर ने कहा है कि स्टेशन की सुरक्षा को पुख्ता किया जा रहा है ताकि मुसाफिरों को सुरक्षित सफर मुहैया कराया जा सके।