कोविड-19 मेगा टीकाकरण दिवस पर जनपद में रिकार्ड 56293 लोगों को टीका लगाया गया है। कोरोना टीकाकरण को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इसी के चलते जनपद प्रदेश में दूसरे पायदान पर पहुंच गया, जबकि गाजियाबाद पहले नंबर पर रहा। लक्ष्य के सापेक्ष 134 प्रतिशत सफलता हासिल होने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंच गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोविड-19 मेगा टीकाकरण दिवस पर 42 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। माइक्रो लेवल पर बेहतरीन प्लान बनने, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधि एवं जनता के बेहतर सहयोग से लक्ष्य के विरुद्ध 134 प्रतिशत सफलता मिली है। जनपद के 12 में से सात ब्लॉकों में 100 प्रतिशत या उससे अधिक सफलता मिली है। लोधा, गोंडा एवं बिजौली ब्लाक में लक्ष्य से अधिक क्रमश: 119, 110 एवं 106 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। अतरौली, खैर, अकराबाद एवं हरदुआगंज में 100 प्रतिशत या उससे अधिक टीकाकरण हुआ है।
टीका केंद्रों पर सुबह से ही लग गई थी लाइन
जनपद में टीकाकरण के लिए 230 केंद्र बनाए गए थे। मंगलवार की सुबह से ही लोग केंद्र पर पहुंचने लगे। पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में सुबह 8 बजे तक टीकाकरण शुरू नहीं होने से लोग नाराज भी हुए। कुछ लोग तो सुबह साढ़े छह बजे ही केंद्र पर पहुंच गए। अधिकारियों को सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों को केंद्र पर भेजा गया। शहर के भुजपुरा, शाहजमाल एवं जीवनगढ़ यूपीएचसी पर शुरू में टीकाकरण का प्रतिशत बेहद कम था। सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने स्थानीय पार्षद, स्वास्थ्य विभाग, डब्लूएचओ एवं अन्य संस्था के लोगों को लगाया। घर-घर जाकर लोगों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई। इसका अच्छा असर हुआ और लोग परिवार के साथ घरों से निकलकर टीका केंद्र पर पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण को लेकर ज्यादा उत्साह दिखा।
कंट्रोल रूम से पूरे जनपद पर रही नजर
सीएमओ ऑफिस में कंट्रोल रूम बनाया गया था। वहां सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय स्वयं मौजूद रहे। चुनाव की तरह हर घंटे की स्थिति का जायजा लिया जा रहा था। किसी भी क्षेत्र में कम टीकाकरण होने पर जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भेजा जा रहा था। इसी का नतीजा है कि जनपद में लक्ष्य से अधिक सफलता मिली है। आबादी के नजदीक केंद्र बनाने का भी फायदा हुआ। इस बात का ख्याल रखा गया था कि केंद्र लोगों के घर से ज्यादा दूर न हो।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी संभाली कमान
मोहनलाल गौतम राजकीय महिला चिकित्सालय में जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने मेगा टीकाकरण दिवस का शुभारंभ किया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अंकित खंडेलवाल उनके साथ मौजूद थे। मलखान सिंह जिला अस्पताल में मंडलायुक्त गौरव दयाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंडलायुक्त ने भीड़ देखकर रजिस्ट्रेशन हेतु बाहर के कवर्ड एरिया में व्यवस्था करने का निर्देश दिया। पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में एडी हेल्थ डॉ. एसके उपाध्याय ने टीकाकरण का शुभारंभ किया। सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय, सीएमएस डॉ. एसके उपाध्याय, डॉ. रामकिशन एवं डॉ. रेनू शर्मा के अतिरिक्त एसीएमओ डॉ. एमके माथुर, डॉ. अनुपम भास्कर, डॉ. दुर्गेश कुमार, सहायक प्रतिरक्षा अधिकारी शरद गुप्ता, डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ, डॉ. एमएल अग्रवाल, डॉ. देवेंद्र वार्ष्णेय आदि केंद्रों का जायजा लेते रहे। पला साहिबाबाद यूपीएचसी पर विधायक संजीव राजा ने कार्यक्त्रस्म का शुभारंभ किया। सीएचसी छर्रा केंद्र पर विधायक ठाकुर रवेंद्रपाल सिंह ने टीकाकरण का शुभारंभ किया। सीएचसी अतरौली में एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने फीता काटकर टीकाकरण का शुभारंभ कराया। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधान, जिला पंचायत सदस्य व अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी आदि ने भी पूरा सहयोग किया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधि एवं जनता के सहयोग से रिकार्ड टीकाकरण हुआ है। पोर्टल पर अभी 54942 लोगों का टीकाकरण दिख रहा है। अभी नामों को अपलोड किया जा रहा है। देर रात तक सभी लोगों के नाम शामिल हो जाएंगे। लखनऊ से बताया गया है कि अलीगढ़ प्रदेश में दूसरे नंबर पर है। इससे पहले जुलाई में जनपद में एक दिन में सर्वाधिक 17 हजार लोगों का टीकाकरण हुआ था।
- डॉ. आनंद उपाध्याय, सीएमओ
लक्ष्य - 42 हजार
उपलब्धि - 56293 (134 प्रतिशत)
टीकाकरण में प्रथम तीन ब्लॉक
लोधा - 119 प्रतिशत
गोंडा - 110 प्रतिशत
बिजौली - 106 प्रतिशत
100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने वाले केंद्र
अतरौली - 102 प्रतिशत
खैर - 101 प्रतिशत
अकराबाद - 102 प्रतिशत
हरदुआगंज - 100 प्रतिशत
शहर के 500 से अधिक टीकाकरण वाले केंद्र
नगला तिकोना, बेगमबाग, बन्नादेवी, जिला जेल पुलिस लाइन आदि