रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही ट्रेनों में सीटों का संकट बढ़ गया है। दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और बिहार रूट की अधिकांश ट्रेनों में आरक्षित सीटें फुल हो चुकी हैं। कई ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची 100 से 200 के पार पहुंच गई है।
टिकट के लिए यात्री अब तत्काल कोटे पर उम्मीद लगाए हुए हैं। कानपुर जाने वाले सुधीर शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन पर बहन के घर जाना है, लेकिन किसी भी ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिल रही है।
वहीं बिहार जाने वाले यात्री बलराम ने बताया कि कई ट्रेनों में वेटिंग काफी लंबी है। ऐसे में त्योहार पर घर पहुंचना मुश्किल लग रहा है। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान हर साल यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। उन्होंने यात्रियों से समय रहते टिकट बुक कराने और ट्रेन का स्टेटस देखकर यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।