शहर के उस्मानपाड़ा के मोहल्ला कुरैशियान के चार लोगों को बीते साल राशन डीलर की दुकान से लगे कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद होम डिलीवरी और टोकन सिस्टम की जो व्यवस्था लागू की गई थी, उसे इस साल फिर से लागू करने पर विचार किया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सोनी के मुताबिक होम डिलीवरी, और टोकन सिस्टम का प्लान फिर से तैयार किया गया है। राशन डीलर के माध्यम से संबंधित 50 साल से अधिक उम्र वाले लाभार्थियों की सूची तैयार कराई जाएगी। इन सभी के घर तक राशन पहुंचाने की योजना है। वहीं, 50 से कम उम्र वाले लाभार्थियों को एक दिन पहले टोकन बांटा जाएगा। टोकन एक-एक घंटे की अवधि के होंगे। मसलन सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच के टोकन जिन लोगों के पास होंगे, वही राशन लेने आएंगे। इनकों भी दुकानदार पांच-पांच की संख्या में फोन कर दुकान पर बुलाएगा। जो लोग बिना कॉल किए आएंगे, उनको राशन नहीं दिया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य लोगों के बीच दूरी बनाए रखने का है। साथ ही जनता से भी अपील है कि वह राशन लेने के लिए हड़बड़ी न दिखाएं। जिला प्रशासन के पास पर्याप्त मात्रा में राशन उपलब्ध है।