राजू भैया से राजेश की जान को खतरा
- फोटो : रुपेश
राजू भैया से राजेश की जान को खतरा
पूर्व विधायक मुनीश गौड़ पर हमले के मामले में गिरफ्तार भाजपा नेता एवं रियल स्टेट कारोबारी राजेश भारद्वाज के पुत्र अमन भारद्वाज ने आशंका जताई है कि उनके पिता को एटा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजवीर सिंह राजू भैया से जान को खतरा है। शुक्रवार को स्वर्ण जयंती नगर स्थित औरा पर्ल में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मुनीश गौड़ मामले में उनके पिता को फंसाकर उनका राजनैतिक कैरियर बर्बाद करने की साजिश रची जा रही है, लेकिन इस घटना के बाद उनके पिता की लोकप्रियता बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि उनके पिता राजेश भारद्वाज 2012 में अतरौली से भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़े थे। इसमेें उन्हें 25 हजार वोट मिले थे। इस चुनाव में राजू भैया की पत्नी प्रेमलता वर्मा चुनाव हार गई थी। इसी रंजिश के कारण लोकसभा चुनाव में राजेश भारद्वाज का टिकट कटवाया। उन्होंने कहा कि मुनीश गौड़ से प्रापर्टी को लेकर कोई झगड़ा नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस दिन मुनीश गौड़ को गोली लगी थी, उस दिन उन्होंने थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। उसमें साफ-साफ लिखा है कि किसके कहने पर अपराधियों ने उन पर गोली चलाई। उन्होंने कहा कि एसएसपी बताएं कि क्या पुलिस मानती है कि मुनीश गौड़ ने फर्जी एफआईआर लिखाई। और यदि हां तो एसएसपी फर्जी मुकदमा दर्ज कराने के अपराध में मुनीश गौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएं। सुरेश पचौरी, सतीश वशिष्ठ समेत कई ब्राह्मण समाज के नेता एवं राजेश भारद्वाज के शुभचिंतक मौजूद थे।